हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
अज्ञात ईमेल से मचा हड़कंप, पुलिस-साइबर टीम जांच में जुटी
बिलासपुर ।जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक अज्ञात ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दरअसल मिली जानकारी के मुताबिक सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। धमकी मिलते ही पुलिस महकमे में तत्काल हलचल बढ़ गई और वरिष्ठ अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेते हुए किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी शुरू कर दी गई।सुरक्षा के लिहाज से हाईकोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्त चेकिंग शुरू कर दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर तैनात किया गया है, वहीं परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलते रहे हैं। हालांकि जांच में ज्यादातर मामलों में ईमेल फर्जी पाए गए हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं और हर पहलू को गंभीरता से परखा जा रहा है।फिलहाल पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स की टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। वकीलों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें। फिलहाल जांच जारी है और एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है, ताकि न्यायिक कार्य सुचारू रूप से चलते रहें और किसी भी प्रकार की आशंका से पूरी तरह निपटा जा सके।