Blog

लाफा जंगल में तार के फंदे में फंसा तेंदुआ, रेस्क्यू कर बचाई जान

शिकार के लिए लगाए जाल में फंसे वन्यजीव को सुरक्षित छोड़ा, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर ।वन वृत्त के पाली रेंज अंतर्गत लाफा जंगल में शिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जंगली सूअर पकड़ने के लिए लगाए गए तार के फंदे में एक तेंदुआ फंस गया। फंदे में बुरी तरह उलझा तेंदुआ छटपटा रहा था। सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।कटघोरा वनमंडल और कानन पेंडारी की रेस्क्यू टीम देर रात मौके पर पहुंची। वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. पी.के. चंदन ने पीसीसीएफ की अनुमति के बाद ट्रैंक्यूलाइजर गन से तेंदुए को बेहोश किया। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को सुरक्षित फंदे से बाहर निकाला।फंदे की वजह से तेंदुए के पेट और पिछले हिस्से में चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के लिए उसे कानन पेंडारी जू लाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। मंगलवार शाम उसे पुनः उसी जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।इस मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपी विजय कुमार गोंड को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ सख्ती जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *