हाथ में झाडू,तसला और पोछा लेकर पुलिस वाले बने सफाई कर्मी…पिकअप में गांव पहुंची पुलिस टीम….गांव में अवैध शराब पर पुलिस की डेढ़ घंटे तक चली सर्जिकल स्ट्राइक

3.14 लाख की 1040 लीटर कच्ची शराब जब्त,8 महुआ शराब तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। गांव की गलियों में सफाई के बहाने पहुंची खाकीधारी टीम ने ऐसा दांव चला कि शराब माफियाओं की सांसें थम गईं। सीपत पुलिस ने शनिवार को ग्राम खांडा में ‘ऑपरेशन झाडू-तसला’ के तहत अवैध शराब के अड्डों पर एक साथ धावा बोलते हुए 1040 लीटर कच्ची महुआ शराब और 5.76 लीटर देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग ₹3.14 लाख आंकी गई है। इस दौरान 8 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

*हाथी आगे’ की चाल हुई फेल,माफिया चौंक गए*
खांडा गांव में लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिल रही थी, लेकिन पुलिस की हर दबिश की भनक पहले ही लग जाती थी। ‘हाथी आगे-हाथी आगे’ जैसे कोडवर्ड से माफिया सतर्क हो जाते थे, महिलाएं बाहर निकल आती थीं और पुरुष घरों में ताले लगाकर शौचालयों में छिप जाते थे। लेकिन इस बार सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने चाल बदली और एनटीपीसी की सफाई टीम के नाम पर गांव में झाडू और तसले लेकर पुलिस बल को भेजा गया। 10 महिला पुलिसकर्मी सफाईकर्मी के भेष में गलियों में पहुंचीं और उनके पीछे सिविल ड्रेस में अन्य पुलिसकर्मी गांव में दाखिल हुए।

*एक साथ 7 टीमें, सभी मोहल्लों में एकसाथ दबिश*
एसएसपी रजनेश सिंह और एएसपी ग्रामीण अर्चना झा के निर्देश में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पुलिस की 7 अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिन्हें गांव के विभिन्न हिस्सों में तैनात किया गया। तय समय पर सभी टीमों ने एकसाथ छापा मारा। कार्यवाही में शराब बनाने के उपकरण, ड्रम, भट्ठियां और भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई। टीम को पूर्व में थाना परिसर में एक-एक मूवमेंट के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया था।
*ना वर्दी, ना सरकारी गाड़ी पूरी तरह चुपचाप दबिश*
अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस ने न तो वर्दी का इस्तेमाल किया और न ही सरकारी वाहन का। सभी पुलिसकर्मी निजी वाहनों जैसे पिकअप, तूफान और डग्गा में सवार होकर गांव पहुंचे और किसी को भनक तक नहीं लगी।
*आरोपियो का नाम और बरामद शराब की मात्रा*
मीना बाई सिदार 150 लीटर कच्ची महुआ, चांदनी सिदार 105 लीटर कच्ची महुआ, परदेशी सिदार 175 लीटर कच्ची महुआ, सुकृता गोड़ 180 लीटर कच्ची महुआ, वेद लाल गोड़ 145 लीटर कच्ची महुआ, रेशम बाई सिदार 155 लीटर कच्ची महुआ, बेदमति गोड़ 130 लीटर कच्ची महुआ, उत्तम भोई 5.76 लीटर देशी प्लेन शराब आरोपियों से कुल 1040 लीटर महुआ शराब व 5.76 लीटर देशी प्लेन शराब अनुमानित कीमतः ₹3,14,560 धाराः 34 (2), 34(1) (च) छ.ग. आबकारी अधिनियम के तहत सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है।
*पहली बार खांडा गांव में इतनी बड़ी कार्रवाई की सीपत पुलिस ने*
पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी कार्रवाई पहली बार खांडा गांव में हुई है।इसके पहले सिर्फ आबकारी और छोटी मोटी कार्रवाई होती थी।लेकिन इस बार कई दिनों से दबिश देकर मुखबिर लगाया गया था उसके बाद कार्रवाई हुई है।जिसमें गांव वाले खुद दहशत में आ गए थे।
*जुहली गांव की महिला कमांडर टीम ने कार्रवाई करने किया था सीपत टीआई से निवेदन*
सीपत पुलिस ने बताया कि जुहली गांव की कमांडर महिलाओं ने शिकायत किया कि खांडा गांव मे बेजाकब्जा परिवार वाले अवैध शराब की बिक्री ज्यादा करते है। जिसमें कोई कार्रवाई नहीं हो पाती है।जिसके कारण गांव में शराब की बिक्री करने वाले के हौसले बुलंद हो जाते है।जिनका कारोबार पिछले कई वर्षों से संचालित है।महिलाओं की बात सुनकर टीआई
गोपाल सतपथी ने महिलाओं से वादा किया कि वे जरूर कार्रवाई करेंगे और करके दिखाए।जिसके कारण कमांडर महिलाओं ने टीआई को धन्यवाद दिया।
*पुलिस को देखकर महिलाएं ताला लगाकर टॉयलेट में छिप जाती थी*
पुलिस ने बताया कि खांडा गांव न जब भी पुलिस छापा मारने जाती थी तो महिलाओं को भनक लग जाती थी।तब महिलाएं ताला बंद करके घर के अंदर बने टॉयलेट में जाकर छिप जाते थे।जिसके कारण पुलिस दबिश नहीं दे पाती थी।लेकिन इस बार उनकी इस सोच को पुलिस ने खुद भेष बदलकर राज खोल दिया और तस्करी करने वालो को बेनकाब कर दिया।यही कारण है कि जब छापा मारा गया तो लाइन से बुलाई गई पुलिस महिलाओं को सफाई कर्मियो का ड्रेस पहनाकर और उनको आगे करके गांव के अंदर सड़क में पोछा,झाड़ू और गंदगी उठाकर अचानक दबिश दिया गया।
*ऑपरेशन में निभाई सराहनीय भूमिका*
इस विशेष ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सउनि सहेत्तर कुरें, कमलफूल साहू, धर्मेंद्र यादव, शिव सिंह बक्साल, प्रधान आरक्षक परमेश्वर सिंह, जयपाल बंजारे, प्रफुल्ल सिंह, आरक्षक प्रकाश जगत, ज्ञानेश्वर यादव, दीपक साहू, शरद साहू, अवधेश कश्यप, दिनेश पटेल, मोतीलाल पटेल, अजय भारद्वाज, सुभाष मरावी, शैलेंद्र कुर्रे, अमीर अंचल, नितिश कश्यप, महिला आरक्षक ज्योति जगत, प्रीतिदास सहित 15 से अधिक अधिकारी व महिला आरक्षक
शामिल रहीं। रक्षित केंद्र बिलासपुर की टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।
वर्जन
अवैध शराब कारोबार को जड़ से खत्म करना प्राथमिकता है। सीपत पुलिस की रणनीति अन्य थानों के लिए प्रेरणा है।इसके लिए सीपत पुलिस टीम को बधाई देता हूं।
रजनेश सिंह
एसएसपी बिलासपुर
वर्जन
सफाई कर्मी बनकर गांव पहुंचे थे।और सभी लोग एनटीपीसी के सफाई कर्मी वाले ड्रेस में थे।जिसमें महिला पुलिस को आधे घंटे तक गांव में सफाई करवाना पड़ा।इस दौरान डेढ़ घंटे तक चिन्हांकित घरों में दबिश देकर कार्रवाई की गई।
गोपाल सतपथी
टीआई सीपत थाना