बिलासपुर में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों को बंद करने की अपील

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बिलासपुर द्वारा आज बिलासपुर कलेक्टर को एक औपचारिक अपील पत्र भेजा गया है, जिसमें जिले के सभी स्कूलों (सरकारी एवं निजी) को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की गई है। यह मांग वर्तमान में चल रही भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए की गई है।
बिलासपुर में तापमान लगातार बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। चेम्बर के डॉ. नवदीप सिंह अरोड़ा (राज्य उपाध्यक्ष) एवं अनिल एल. वधवानी (राज्य सचिव) द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि अभिभावकों की चिंता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है क्योंकि बच्चे इस भीषण गर्मी में स्कूल आने-जाने के दौरान अत्यधिक थकान, डिहाइड्रेशन और बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
चेम्बर ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी गंभीर मौसमीय परिस्थितियों में स्कूलों का संचालन बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत जोखिम भरा हो सकता है। अतः प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि वे शीघ्र निर्णय लें और स्कूलों को तब तक के लिए बंद करें जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता।
यह अपील क्षेत्र के हजारों अभिभावकों की सामूहिक आवाज को दर्शाती है और प्रशासन से बच्चों की भलाई को प्राथमिकता देने की मांग करती है।