हैंडपंप टेक्नीशियन भर्ती परीक्षा बिलासपुर में शांतिपूर्ण और नकलमुक्त संपन्न

सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम,9 केंद्रों पर नकलमुक्त परीक्षा सम्पन्न….
12 परीक्षार्थियों पर एक शिक्षक की तैनाती से निगरानी रही चाक-चौबंद….
बिलासपुर ।हैंडपंप टेक्नीशियन पदों के लिए रविवार को बिलासपुर जिले में हुई भर्ती परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और नकलमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का उत्साह देखने लायक था। प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े इंतज़ाम किए, जिसका नतीजा यह रहा कि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक आयोजित हुई।
बिलासपुर जिले में परीक्षा के लिए कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह 11 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन इससे दो घंटे पहले ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी लाइनें लग चुकी थीं। सर्द सुबह में भी अभ्यर्थियों का जोश ठंडा नहीं पड़ा। पहचान पत्र और एडमिट कार्ड की जांच के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था इस बार और भी सख्त रही। सभी केंद्रों में जैमर लगाए गए थे, ताकि इलेक्ट्रॉनिक नकल की कोई संभावना न रहे। बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों को बिना जेब वाली स्वेटर पहनने की अनुमति दी। जगह-जगह महिला और पुरुष सुरक्षा कर्मियों की अलग-अलग तैनाती की गई।एंट्री के समय मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और पूरी सतर्कता के साथ अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में भेजा गया।हर 12 परीक्षार्थियों पर एक शिक्षक की ड्यूटी लगाई गई, जिससे निगरानी बेहद मजबूत रही।परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं की तारीफ की। कई परीक्षार्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र बिल्कुल पाठ्यक्रम के अनुरूप था और संतुलित था। कुछ ने पेपर को थोड़ा कठिन जरूर बताया,लेकिन ज्यादातर छात्र परीक्षा से पूरी तरह संतुष्ट दिखे।प्रशासन की कड़ी सुरक्षा, बेहतर प्रबंधन और अभ्यर्थियों के उत्साह ने इस परीक्षा को नकलमुक्त, शांतिपूर्ण और सफल बना दिया।