11 दिन से लापता किशोर विजय की तलाश में भटका नायक परिवार

एसपी ऑफिस पहुंचकर परिजनों ने लगाई गुहार
तोरवा पुलिस पर लापरवाही का आरोप
बिलासपुर।शहर के तोरवा क्षेत्र निवासी महेश नायक अपने 17 वर्षीय बेटे विजय कुमार नायक के लापता होने से बेहद चिंतित हैं। बेटे की खोज में भटकते परिजन बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह से आंसुओं के साथ मदद की गुहार लगाई।परिजनों के अनुसार 15 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे विजय घर से निकला था, जिसके बाद से उसकी कोई खबर नहीं मिली है। काफी खोजबीन के बाद भी सफलता न मिलने पर परिजनों ने 16 नवंबर को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक पुलिस से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।

परिवार ने बताया कि वे अपने स्तर पर भी पोस्टर, पंपलेट और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना फैला रहे हैं, ताकि कोई व्यक्ति विजय को देखकर जानकारी दे सके।
लंबे समय से बेटे की तलाश और पुलिस की धीमी कार्रवाई से आहत नायक परिवार अब किसी अनहोनी की आशंका से घिरा हुआ है। एसपी से मुलाकात के बाद परिवार को उम्मीद है कि अब मामले पर तेजी से कार्रवाई होगी और उनका बेटा जल्द घर लौट आएगा।