15 अगस्त पर मुस्लिम समाज ने मदरसों-मस्जिदों में फहराया तिरंगा, एकता की पेश की अनोखी मिसाल

हिंदू समाज ने मुस्लिम समुदाय की सराहना की, मंदिरों में भी तिरंगा फहराने का लिया संकल्प
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व 15 अगस्त पूरे देश में हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश भर में मुस्लिम समुदाय ने एक ऐतिहासिक पहल करते हुए अपने मदरसों और मस्जिदों के सामने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगे को सलामी देकर उन्होंने देश के प्रति वफादारी, प्रेम और एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग उपस्थित हुए। राष्ट्रगान की गूंज और भारत माता के जयघोष से वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

बता दे मुस्लिम समुदाय की इस पहल को समाज के हर वर्ग से सराहना मिली। यह कदम न केवल तिरंगे की शान को बनाए रखने का प्रतीक है, बल्कि भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की भी बेमिसाल मिसाल है। कार्यक्रमों के दौरान मुस्लिम भाइयों ने साफ कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं बल्कि हमारी आजादी, हमारी अस्मिता और हमारी पहचान का प्रतीक है।

इसी बीच जब हिंदू समाज के लोगों से इस पहल को लेकर राय मांगी तो उन्होंने खुले दिल से मुस्लिम समुदाय की तारीफ की। हिंदू समाज के लोगों का कहना था कि मुस्लिम भाइयों द्वारा किया गया यह कदम समाज को एक नई दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि यह एकता और भाईचारे की ऐसी शुरुआत है, जिसमें हर धर्म और समुदाय को बराबरी से शामिल होना चाहिए। हिंदू समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस तरह मुस्लिम समाज ने अपने धार्मिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर देशभक्ति का संदेश दिया है, उसी तरह आने वाले वर्षों में हिंदू समुदाय भी मंदिर प्रांगणों में तिरंगा फहराने की परंपरा शुरू करेगा। उनका कहना है कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगी और समाज में भाईचारे की भावना को और मजबूत बनाएगी। आजादी के इस अमृत पर्व पर मुस्लिम समाज की यह पहल वास्तव में देश के लिए प्रेरणादायक है। इसने साबित कर दिया कि भारत विविधताओं में एकता का देश है, जहां तिरंगे की आन-बान और शान हर धर्म और हर समुदाय के लिए समान है। शहरभर में इस कार्य की जमकर प्रशंसा हो रही है और लोगों का कहना है कि यही वह भाव है जो भारत को दुनिया में महान बनाता है।
वर्जन
15 अगस्त आजादी मतलब स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनाया जाता है।जो देश प्रेमियों के लिए सुनहरा दिन है।
यह एक बड़ा त्योहार है।हर साल हर समाज का त्यौहार आता है लेकिन यह दिन किसी एक का नहीं बल्कि सभी लोगो का है।
देश की आन बान और शान है हमारा तिरंगा झंडा।
शाहबाज खान
तालापारा
वर्जन
मुस्लिम समाज ने मदरसे और कई जगहों पर झंडे फहराए है।यह एकता और भाईचारा का प्रतीक है।स्वतंत्रता दिवस किसी व्यक्ति या किसी धर्म विशेष का नही है बल्कि यह हिन्दुस्तानियों का त्यौहार है।जिसे सभी लोगो के मिलकर मनाया हैं।
मोहन कश्यप
तोरवा नाका