ग्रामीणों को लोन का लालच देकर ठगी, फर्जी बैंककर्मी गिरफ्तार
Manish Sharma
January 28, 2025 (Last updated: January 28, 2025) 1 minute read
रायगढ़,। चक्रधरनगर पुलिस ने ग्रामीणों को लोन दिलाने के बहाने ठगी करने वाले 60 वर्षीय मोहित चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी, मोहित चौहान भजनडिपा मिट्ठूमुड़ा जूटमिल का निवासी है, आरोपी ने ग्राम लोईग की महिला श्रीमती पुनीया भगत और अन्य दो ग्रामीणों को एसबीआई बैंक का कर्मचारी बनकर झांसे में लिया था।
आज पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पिछले साल जुलाई-अगस्त में मोहित चौहान पीड़ितों के गांव लोईंग आया और खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए 8 लाख रुपये का लोन आसानी से दिलाने का वादा किया। आरोपी ने ग्रामीणों से फॉर्म पर हस्ताक्षर कराए और लोन प्रोसेसिंग के नाम पर पहले बैंक में 10% रूपए जमा करने होंगे कहकर प्रत्येक से 80,000 रुपये की मांग की। पुनीया भगत और दो अन्य महिलाओं ने उसकी बातों में आकर 80-80 हजार रुपये उसे दे दिए।
लोन पास होने का इंतजार करते हुए महीनों बीत गए, लेकिन जब किसी के खाते में राशि नहीं आई, तो पीड़ित बैंक पहुंचे। वहां पता चला कि मोहित चौहान बैंक का कर्मचारी नहीं है। ठगी की पुष्टि होने के बाद जब मोहित से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उसने बातचीत बंद कर दी और फरार हो गया।
चक्रधरनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पर अप.क्र. 51/2025 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है और तत्काल आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।