शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
Manish Sharma
June 16, 2025 (Last updated: June 16, 2025) 1 minute read
रायगढ़— लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दो वर्षों से दुष्कर्म कर उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर न केवल शारीरिक शोषण किया, बल्कि पीड़िता के निजी पलों का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी भी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
स्थानीय निवासी युवती ने 13 जून को थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई कि शुभम गुप्ता पिता प्रेम गुप्ता (उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07 गांधी नगर लैलूंगा) द्वारा 5 जून 2023 से उसे पत्नी बनाकर रखने का झांसा दिया गया और इसी बहाने से उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए गए। युवती ने बताया कि आरोपी ने छिपकर उसके अंतरंग क्षणों के वीडियो और फोटो भी बना लिए, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह पिछले 20 दिनों से उसे और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
शिकायत के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 165/2025 के तहत धारा 69, 351(2), 126(2) BNS में मामला दर्ज कर आरोपी शुभम गुप्ता को कल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।