3 बीईओ को नोटिस, डीईओ ने तीन दिन में मांगा जवाब
पाठ्य पुस्तकों की जानकारी समय पर नहीं भेजने पर डीईओ ने , बिल्हा, तखतपुर और मस्तूरी विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस भेज कर तीन दिनों में जवाब मांगा है।
बिलासपुर। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जिले के तीन विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें बिल्हा, तखतपुर और मस्तूरी विकासखंड के अधिकारी शामिल हैं। डीईओ ने तीनों बीईओ से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है और चेतावनी दी है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो आगे सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
शासन की ओर से शिक्षा व्यवस्था की समय-सीमा तय कर दी गई थी कि सभी ब्लॉकों के बीईओ पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता और वितरण संबंधी जानकारी समय पर भेजें। लेकिन बिल्हा, तखतपुर और मस्तूरी के बीईओ ने यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इस लापरवाही के चलते शिक्षा विभाग शासन को समय पर रिपोर्ट नहीं भेज सका।
शासन ने पहले ही स्पष्ट किया था कि यदि जानकारी समय पर नहीं मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके तीनों ब्लॉकों से आवश्यक सूचनाएं नहीं भेजी गईं।
डीईओ का निर्देश:–
डीईओ ने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं और शासन के आदेशों का पालन अनिवार्य है। जब सूचना बार-बार मांगी गई, फिर भी इन तीनों ब्लॉकों से जवाब नहीं मिला, तब जाकर नोटिस जारी किया गया। डीईओ ने तीनों बीईओ को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रभारी बीईओ से प्रभावित हो रहा काम:–
जिले के चार ब्लॉकों में से तीन ब्लॉकों – बिल्हा, तखतपुर और मस्तूरी में प्रभारी बीईओ कार्यरत हैं। कोटा ब्लॉक भी इसी श्रेणी में आता है। प्रभारी बीईओ के भरोसे शिक्षा व्यवस्था चलने से योजनाओं के क्रियान्वयन और जानकारी संकलन का काम प्रभावित हो रहा है।
शिक्षकों का मानना है कि प्रभारी व्यवस्था से ब्लॉकों में शिक्षा की गतिविधियां सही ढंग से संचालित नहीं हो पा रही हैं। यही वजह है कि बार-बार नोटिस और रिमाइंडर देने के बाद भी शासन को समय पर जानकारी नहीं भेजी जाती।