Blog

300 रुपये अतिरिक्त लेकर काउंटर टिकट बुकिंग, आरपीएफ ने दो दलालों को पकड़ा

बिलासपुर। रेलवे आरक्षण टिकट पर 200 से 300 रुपये अतिरिक्त वसूलकर अवैध रूप से बुकिंग करने वाले दो टिकट दलालों को आरपीएफ की अपराध गुप्तचर शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 47 रेल टिकट, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 64 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है, जब्त किए गए हैं। दोनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर रेलवे स्टेशन और उसलापुर रेलवे स्टेशन में काउंटर टिकट की व्यवस्था कर रखी है। इसके अलावा आइआरटीसीटी की वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा उपलब्ध है। इसके बावजूद त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर दलाल अतिरिक्त रकम लेकर कंफर्म टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देते हैं।

आरपीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति हाईकोर्ट स्थित रेलवे आरक्षण कार्यालय से टिकट बुक कर यात्रियों को अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने हाईकोर्ट के आवासीय परिसर में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकलतरा जांजगीर-चांपा निवासी रामचरण मन्नेवर (34) और वायरलेस कॉलोनी तारबाहर निवासी शुभम रजक (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों बिलासपुर से टिकट बनाकर प्रयागराज भदोही निवासी रविंदर कुमार नामक व्यक्ति को बस और ट्रेन के माध्यम से भेजते थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टीम अब प्रयागराज जाकर पूरे नेटवर्क की जांच करेगी।अधिकारियों का कहना है कि टिकटों के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *