
गाय को बेरहमी से कुचलकर निकला चालक,सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना,टूटा पैर जिंदगी बचाने की जंग,विजयापुरम कॉलोनी में बेजुबान पर गाड़ी चढ़ाने का सनसनीखेज मामला

आक्रोशित कॉलोनीवासी एफआईआर की मांग को लेकर थाने पहुंचे
सोसायटी अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने दर्ज कराई शिकायत
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र की विजयापुरम कॉलोनी में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क पर बैठी एक बेजुबान गाय को एक्सयूवी 300 वाहन से कुचलकर निकल जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी गंभीर थी कि गाय का एक पैर टूट गया और वह बुरी तरह घायल हो गई।घटना को लेकर सबसे गंभीर सवाल यह है कि क्या सड़क अपराध कर पर बैठा एक बेजुबान जानवर इतना बड़ा रहा था कि उसे बचाने के बजाय गाड़ी से कुचलकर आगे बढ़ जाना ही चालक को उचित लगा। यदि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही घटना की पुष्टि होती है, तो यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पशु के प्रति क्रूरता का गंभीर मामला बन सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार, विजयापुरम कॉलोनी में गाय गली में बैठी हुई थी। इसी दौरान एक्सयूवी 300 वाहन वहां पहुंचा और गाय को बचाने के बजाय उसके ऊपर से वाहन निकालते हुए आगे बढ़ गया। घटना का पूरा दृश्य कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनीवासियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर विजयापुरम कॉलोनी के रहवासी एकजुट होकर सरकंडा थाना पहुंचे। सोसायटी अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि वाहन चालक का नाम अरविंद तिवारी है। हालांकि, चालक की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना ने शहर में पशुओं की सुरक्षा और उनके प्रति संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कॉलोनीवासियों की नजरे सरकंडा पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। रहवासियों की मांग है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वाहन और चालक की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा पशु क्रूरता से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई की जाए।
नाराज कालोनीवासियों ने सरकंडा थाना का किया घेराव
बेजुबान जानवर को कुचलने और बेरहमी से मारने की कोशिश करने वाले कार चालक के ड्राइविंग से नाराज कालोनीवासियों ने सरकंडा थाना का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।जिसके कारण माहौल गर्माया रहा।



