
15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता-2026 का बिलासपुर में भव्य शुभारंभ

देशभर की 14 टीमों के 200 से अधिक प्रतिभागी दिखा रहे हैं अपनी बैंड वादन प्रतिभा
लगातार चौथी बार बिलासपुर को मिली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मुख्य आतिथ्य में कल होगा भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह
बिलासपुर।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के एन.ई. इंस्टीट्यूट रेलवे ग्राउंड में 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बिलासपुर को लगातार चौथी बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बैंड की मधुर धुनों, आकर्षक प्रस्तुतियों और प्रतिभागियों के शानदार तालमेल ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुनव्वर खुर्शीद, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मोहम्मद साकिब, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेसुब, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, बिलासपुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बल सदस्य उपस्थित रहे।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रीय रेलों की रेलवे सुरक्षा बल की कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 200 से अधिक प्रतिभागी अपनी बैंड वादन कला, अनुशासन, संगीत कौशल एवं सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में भागीदारी के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन के लिए विभिन्न अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन, वादन कौशल, अनुशासन एवं समन्वय के आधार पर श्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा।
*आज होगा भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह*
इस प्रतियोगिता का समापन समारोह 04 नवम्बर को शाम 6:45 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर उनके द्वारा विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही ब्रास बैंड एवं पाइप बैंड की विशेष प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।यह प्रतियोगिता रेलवे सुरक्षा बल के जवानों में अनुशासन, टीम भावना, सांस्कृतिक एकजुटता एवं संगीत प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रीय रेलों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द को भी बढ़ावा दे रही है।






