
रतनपुर नगर पालिका के नए सीएमओ बने लाल अजय बहादुर, 10 नवंबर को संभाला कार्यभार

मूलभूत सुविधाओं, जनसमस्याओं के निराकरण और नगर विकास को देंगे प्राथमिकता, नगरवासियों से स्वच्छता में सहयोग की अपील
रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
बिलासपुर/रतनपुर। नगर पालिका परिषद रतनपुर को नए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मिल गए हैं। लाल अजय बहादुर ने दिनांक 10 नवंबर 2026 को रतनपुर नगर पालिका के नए सीएमओ के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने के बाद नगर पालिका कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
विदित हो कि रतनपुर नगर पालिका के तत्कालीन सीएमओ खेल कुमार के अस्वस्थ होने के कारण नगर पालिका का कार्यभार प्रभारी सीएमओ सुख सागर खुटे द्वारा संभाला जा रहा था। इसी बीच नवीन पदस्थापना के तहत राजनांदगांव जिले के छुरिया नगर पंचायत से लाल अजय बहादुर का स्थानांतरण रतनपुर नगर पालिका में किया गया है।
कार्यभार ग्रहण करने के लिए नगर पालिका कार्यालय पहुंचे नए सीएमओ लाल अजय बहादुर का कर्मचारियों ने गुलदस्ता भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए नवनियुक्त सीएमओ लाल अजय बहादुर ने कहा कि नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना, आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना तथा नगर के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि रतनपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी नागरिक सहयोग करें। नगर की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही रतनपुर को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।
नए सीएमओ के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही नगरवासियों को उम्मीद है कि नगर की मूलभूत समस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।






