
माँ काली की विदाई पर सिंदूर दान एवं कुंवारी कन्या भोज का आयोजन, जसगीतों से भक्तिमय रहा माहौल

बिलासपुर। अरविन्द नगर, बंधवापारा, सरकंडा स्थित आचार्य निवास में आयोजित सात दिवसीय माँ महाकाली पूजा उत्सव के समापन अवसर पर माँ काली की विदाई एवं विसर्जन से पूर्व सिंदूर दान और कुंवारी कन्या भोज का धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर माँ काली की विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात मातृशक्ति द्वारा सिंदूर दान की पारंपरिक रस्म निभाई गई। सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की। इस दौरान महिलाओं ने माँ काली से परिवार, समाज एवं समस्त मानव जगत के कल्याण और सुख-शांति की प्रार्थना की।
इसके पश्चात कुंवारी कन्या भोज का आयोजन किया गया। छोटी-छोटी कन्याओं को माँ भगवती का स्वरूप मानकर उनका विधिवत पूजन किया गया। कन्याओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया तथा श्रद्धापूर्वक भोजन एवं प्रसाद ग्रहण कराया गया।
पूरे सात दिनों तक पूजा स्थल पर प्रतिदिन जसगीतों एवं पारंपरिक भजनों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक जसगीतों की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और मोहल्लेवासी माँ की भक्ति में सराबोर नजर आए।

यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सनातन संस्कृति, नारी सम्मान, मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा एवं सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बना।
विसर्जन कार्यक्रम 13 नवंबर को
माँ महाकाली की प्रतिमा का विसर्जन कार्यक्रम 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। आयोजक श्री एवं श्रीमती आचार्य तथा आचार्य परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं एवं मोहल्लेवासियों से विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होकर माँ को भावभीनी विदाई देने की अपील की है।

जय माँ काली! जय माँ तारा!






