
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी, परिवारजनों से की आत्मीय मुलाकात

आजादी के बाद पहली बार गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, श्री तोखन साहू के पिता से लिया आशीर्वाद, बड़ी अम्मा को किया प्रणाम, बच्चों को दुलारा
कभी स्कूली शिक्षा के लिए डिंडौरी से कंतेली पैदल जाते थे तोखन साहू, आज उसी कंतेली में महाविद्यालय की सौगात; मुंगेली जिले को मिले 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य
बिलासपुर/मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचकर उनके परिवारजनों से आत्मीय भेंट की। आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री का डिंडौरी आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के स्वागत में पूरा गांव उत्सव के रंग में नजर आया। अपने गांव के बेटे के घर प्रदेश के मुखिया को पाकर ग्रामीणों ने गौरव और प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री साय कंतेली में नवीन महाविद्यालय की सौगात और मुंगेली जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देने के बाद डिंडौरी पहुंचे। यह अवसर विशेष रूप से भावुक रहा, क्योंकि तोखन साहू कभी स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के लिए डिंडौरी से कंतेली तक पैदल जाया करते थे। आज उसी कंतेली में महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के युवाओं के लिए उनके संघर्षपूर्ण विद्यार्थी जीवन से जुड़ी एक प्रेरक उपलब्धि बन गई है।
डिंडौरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी और सहजता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। उन्होंने तोखन साहू के पिता बलदाऊ साहू को प्रणाम किया तथा बड़ी अम्मा रामबाई से परिचय होने पर उन्हें भी सादर प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। परिवार के बच्चों को दुलार किया और सभी से आत्मीयता के साथ मिले। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार में तोखन साहू और उनके परिवार के प्रति सम्मान एवं अपनत्व की झलक दिखाई दी।मुख्यमंत्री के स्वागत में सुवा नृत्य, रामधुन की प्रस्तुतियां दी गईं। घर के आंगन में मुख्यमंत्री और श्री तोखन साहू की आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा परिवारजनों ने आरती और पुष्पवर्षा से अभिनंदन किया।
डिंडौरी का यह अवसर एक सुंदर संदेश दे गया—पद और प्रतिष्ठा कितनी भी ऊंची हो जाए, अपनी जड़ों, संस्कारों और रिश्तों से जुड़ाव ही व्यक्ति की असली पहचान है। जिस गांव की पगडंडियों से तोखन साहू ने अपने सपनों का सफर शुरू किया, उसी गांव में मुख्यमंत्री का पहुंचना और उसी क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसरों का खुलना ग्रामीणों के लिए अविस्मरणीय क्षण बन गया।






