
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, न्याय के लिए भटक रहा परिवार,अब एसपी से लगाई गुहार,सकरी पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम भरनी-देवरीकला निवासी 26 वर्षीय युवक आशीष सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। युवक की मौत को परिजनों ने सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर मृतक के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में जहां युवक की मौत के पीछे गंभीर साजिश की आशंका जताई गई है, वहीं सकरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, आशीष सूर्यवंशी पिता जयप्रकाश सूर्यवंशी 26 वर्ष निवासी ग्राम भरनी-देवरीकला को शाम करीब 6 से 7 बजे घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि वह ग्राम भरनी में छठ्ठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा है। इसके बाद सुबह करीब 7 बजे उसके जीजा महादेव, निवासी ग्राम गोपालपुर के पास आशीष के फोन से कॉल आया और उन्हें बताया गया कि आशीष की हालत गंभीर है और वह सिम्स अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने आशीष के सिर के पीछे चाकू से चोट के निशान और खून बहता देखा। उसके हाथ-पैर भी टूटे हुए बताए गए।परिजनों का आरोप है कि युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उन्हें उसके साथ मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। सबसे गंभीर आरोप सकरी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लगाया गया है। शिकायतकर्ता सतीश कुमार सूर्यवंशी का कहना है कि वे 11 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मौजूद रहे, लेकिन पुलिस ने न तो उनकी शिकायत दर्ज की और न ही उनकी बात सुनी। उल्टे उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार कर भगा दिया गया। अब परिजनों ने एसपी से हत्या का अपराध दर्ज कराने, घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।







