
जज ने नाम पूछा तो बोला- कागजात पढ़ लो,कटघरे से कूदकर डायस का कांच तोड़ने लगा आरोपी,मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान हंगामा

सीजेएम से अभद्रता और धमकी
सरकारी काम में बाधा का नया केस दर्ज, दोबारा जेल भेजा गया
बिलासपुर/मुंगेली। जिला न्यायालय के कोर्ट रूम में पेशी के दौरान एक आरोपी ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जब कटघरे में खड़े आरोपी से उसका नाम पूछा तो उसने जवाब देने के बजाय कहा- कागजात सामने रखे हैं, खुद ही पढ़कर देख लो। सुरक्षाकर्मियों ने उसे टोका तो वह और उग्र हो गया। जज से बहस करते हुए उसने उंगली उठाकर धमकी दी और अचानक कटघरे से छलांग लगाकर सीधे डायस तक पहुंच गया। वहां लगे सुरक्षा कांच को जोर-जोर से पीटकर तोड़ने की कोशिश करने लगा। घटना से कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों के बीच अफरा-तफरी मच गई।घटना सीजेएम सतीश कुमार खाखा की अदालत में हुई। सरगांव थाने में दर्ज हाइवा चोरी के मामले में आरोपी भगतराम राजपूत को पेशी के लिए कटघरे में खड़ा किया गया था। सुनवाई की सामान्य प्रक्रिया के तहत जब न्यायाधीश ने उससे नाम पूछा तो उसने असामान्य और अभद्र तरीके से जवाब दिया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शांत होने के बजाय और आक्रामक हो गया। उसने जज की ओर उंगली उठाकर चिल्लाते हुए कहा- मुझे क्या जेल भेजेगा।इसके बाद आरोपी कटघरे से कूदकर जज के डायस के सामने पहुंच गया और वहां लगे सुरक्षा कांच पर हमला करने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे कोर्ट स्टाफ के साथ भी उसने गाली-गलौज की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू में कर लिया।
सरकारी काम में बाधा का नया मामला दर्ज
घटना के बाद कोर्ट के प्रस्तुतकार शत्रुहन बेलदान की लिखित शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी भगतराम के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और आपराधिक धमकी समेत अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर दोबारा जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि चोरी के मामले में पेशी के दौरान आरोपी ने न्यायाधीश से अभद्रता की और डायस के सामने लगे सुरक्षा कांच को तोड़ने की कोशिश की। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ नया अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।






