
शहीद नूतन सोनी हाई स्कूल में बाल मेले का आयोजन, बच्चों ने विज्ञान प्रदर्शनी और स्वादिष्ट व्यंजनों से मोहा मन

विज्ञान के मॉडल देखकर लोगों ने जाना विज्ञान का महत्व, मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक में दिखा उत्साह
वासित अली रतनपुर बिलासपुर। शहीद नूतन सोनी हाई स्कूल बालक, रतनपुर में विद्यार्थियों द्वारा बाल मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए गए। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने विज्ञान की उपयोगिता और उसके महत्व को समझाने का प्रयास किया। वहीं विद्यार्थियों ने अपने हाथों से अनेक प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन भी तैयार किए थे।
मेले में पहुंचे लोगों ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। वहीं विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल पर पहुंचकर लोगों ने घूम-घूमकर स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल और व्यंजनों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस आयोजन में मुख्य रूप से प्राचार्य के एल फरवी जी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलीराम बंजारे जी, सदस्य एल्डरमैन दिनेश प्रभाकर जी, सदस्य वासित अली जी, सदस्य वीरेंद्र कुमार जी, सदस्य सुरेश कश्यप जी,प्रतिभा मरकाम, सत्येंद्र सर जी, अनवर सर जी, सिद्धार्थ, मनोज यादव सर जी नीतू मैम जी
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके अभिभावक, महिलाएं, बुजुर्ग और नगरवासी भी बाल मेले में शामिल हुए। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
पूरे मेले में उत्साह और रौनक का माहौल देखने को मिला। बाल मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, खानपान संबंधी कौशल और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सीखने और कुछ नया करने की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।






