पटवारियों का आंदोलन,स्थगित,संघ ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र,दमनात्मक कार्रवाई शून्य करने व वेतन-पदोन्नति की मांग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 13 अक्टूबर से चल रहा पटवारियों का आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर औपचारिक जानकारी दी है। पत्र में कहा गया है कि शासन की ओर से दिखाई गई सकारात्मक पहल और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर के हजारों पटवारियों के अधिकार, स्वाभिमान और सम्मान से जुड़े इस आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
पटवारी संघ ने पत्र के माध्यम से प्रदेश में हजारों पटवारियों की आवाज मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए कई अहम मांगें और अनुरोध भी किए हैं। संघ ने मांग की है कि आंदोलन व हड़ताल की अवधि में प्रदेश भर में पटवारियों के विरुद्ध की गई तमाम दमनात्मक कार्रवाइयों को शून्य कर पूर्ववत स्थिति बहाल की जाए। इनमें निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाइयां शामिल हैं, जिन्हें समाप्त करने का आग्रह किया गया है।
इसके अलावा पटवारी संघ ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की संपूर्ण अवधि को कार्य दिवस मानते हुए उस दौरान का नियमित वेतन प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से रखी है। साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति के विषय में तत्काल निर्णय लेते हुए सुसंगत आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है। कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग भी पत्र में शामिल की गई है।
पत्र के अंत में राजस्व पटवारी संघ ने भरोसा जताया है कि संवेदनशील सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक रवैया अपनाएगी और इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उन्हें अनुग्रहित करेगी। आंदोलन स्थगित होने के फैसले से प्रदेश के राजस्व व प्रशासनिक कार्यों की गति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं अब सभी की निगाहें शासन के आगामी कदमों और आदेशों पर टिकी हैं






