
शादी सीजन में ट्रेनों में नो-रूम, तत्काल टिकट भी 2 मिनट में खत्म,हावड़ा-मुंबई से दिल्ली और पुरी रूट तक भारी वेटिंग,रोज 400 से अधिक यात्री कन्फर्म टिकट के बिना लौट रहे

बिलासपुर। शादी-ब्याह के तेज मुहूर्त और शनिवार-रविवार की छुट्टियों ने रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। बिलासपुर से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। हावड़ा-मुंबई, दिल्ली, पुरी, भोपाल और छपरा रूट की कई ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति है। हालात ऐसे हैं कि तत्काल टिकट की बुकिंग खुलने के महज 2 मिनट के भीतर सीटें खत्म हो जा रही हैं। रोजाना 400 से अधिक यात्री आरक्षण केंद्रों से कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण निराश लौट रहे हैं।
रेलवे के आरक्षण आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर से प्रतिदिन औसतन 35 से 40 हजार यात्री सफर करते हैं। वीकेंड पर यह संख्या बढ़कर 55 हजार के पार पहुंच गई है। यात्रियों की सबसे ज्यादा परेशानी लंबी दूरी की ट्रेनों में देखने को मिल रही है। हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग की 12860 गीतांजलि एक्सप्रेस, 12130 आजाद हिंद एक्सप्रेस और 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में वेटिंग 180 से 220 के पार पहुंच गई है।
दिल्ली रूट की 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस के अलावा पुरी रूट की 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस में नो-रूम की स्थिति है। वहीं भोपाल जाने वाली 12853 अमरकंटक एक्सप्रेस और छपरा रूट की 15160 सारनाथ एक्सप्रेस में अगले 10 दिनों तक कन्फर्म बर्थ उपलब्ध नहीं है।
तत्काल में भी राहत नहीं, सुबह से लग रही कतार
सामान्य आरक्षण में टिकट नहीं मिलने के बाद यात्रियों की उम्मीद तत्काल कोटे पर टिकी है, लेकिन यहां भी मारामारी है। सुबह 10 बजे एसी और 11 बजे स्लीपर की तत्काल बुकिंग शुरू होते ही कुछ मिनटों में सीटें भर जा रही हैं। बिलासपुर और उसलापुर आरक्षण केंद्रों पर सुबह से ही यात्रियों की कतार लग रही है। कई यात्री घंटों इंतजार करने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं।
एक यात्री ने बताया कि वह सुबह 5.30 बजे से टिकट के लिए कतार में खड़ा था। काउंटर पर उसका दूसरा नंबर था, इसके बावजूद बुकिंग शुरू होने के महज 2 मिनट में टिकट खत्म हो गई। इससे तत्काल व्यवस्था की उपयोगिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी, दलालों पर भी नजर
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी अतिरिक्त कोच लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। वहीं बिलासपुर और उसलापुर आरक्षण केंद्रों पर आरपीएफ तथा विजिलेंस टीम को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि टिकटों की कालाबाजारी और दलालों की सक्रियता पर अंकुश लगाया जा सके।
वर्जन
बिलासपुर रेल मंडल के मुताबिक यात्रियों की भीड़ को देखते हुए प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आरक्षण केंद्रों पर निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।
अनुराग सिंह, सीनियर डीसीएम




