
2005 के हत्या मामले में सजा मिलने के बाद फरार हुआ आरोपी 21 साल बाद पकड़ाया,हाईकोर्ट ने सुनाई थी सजा, शेष सजा भुगतने से बचने के लिए बदल लिया था ठिकाना

सिविल लाइन पुलिस ने चंदेला नगर स्थित घर से पकड़ा
बिलासपुर। वर्ष 2005 में हुए हत्या के मामले में सजा मिलने के बाद शेष सजा भुगतने से बचकर फरार हुए आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी निवासी चंदेला नगर को 25 नवंबर को उसके घर से पकड़ा गया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद शेष सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल बिलासपुर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2005 में हुई हत्या का मामला अपर सत्र न्यायालय बिलासपुर में विचाराधीन था। इस मामले में आरोपी गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी जमानत पर रिहा था। बाद में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उसे दंडित किया था। सजा सुनाए जाने के बाद आरोपी शेष सजा भुगतने के बजाय फरार हो गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी किया गया था, जिसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के माध्यम से सिविल लाइन पुलिस को भेजा गया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने चंदेला नगर में बेदू गैरेज के पास स्थित उसके ठिकाने पर दबिश देकर घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे शेष सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल बिलासपुर दाखिल कराया गया।




