
स्कूटी चोरी के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार,मंगला चौक में बेचने की फिराक में घूम रहा था

सिविल लाइन पुलिस ने 70 हजार रुपये की चोरी की स्कूटी बरामद की
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलासपुर। गोस्वामी गली मगरपारा स्थित किराये के मकान की पार्किंग से चोरी हुई स्कूटी को सिविल लाइन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरी के आरोप में 25 वर्षीय लक्ष्मण यादव को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 70 हजार रुपये कीमत की ज्यूपिटर स्कूटी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के करतला निवासी मंजू जगत वर्तमान में मगरपारा की गोस्वामी गली में किराये के मकान में रहती हैं। उन्होंने 24 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने रात करीब 1:30 बजे अपनी ज्यूपिटर स्कूटी सीजी 12 बीजी 4539 मकान की पार्किंग में खड़ी की थी। सुबह उठने पर स्कूटी गायब मिली। कोई व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मण यादव नाम का युवक मंगला चौक में चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहा है और उसे बेचने की कोशिश कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदेही लक्ष्मण यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी लक्ष्मण यादव निवासी दर्रीपारा, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर, वर्तमान में मंगला चौक बिलासपुर में रह रहा था। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




