
95 प्रतिशत जल चुके शव का पोस्टमार्टम,डीएनए जांच के लिए सैंपल सुरक्षित,सरैया के जंगल में बाइक से बंधा मिला था शव,फीमर बोन और दांत के नमूनों से होगी पहचान

परिजनों के ब्लड सैंपल भी लिए जाएंगे
बिलासपुर। कोटा के सरैया गांव के जंगल में बाइक से बंधे मिले करीब 95 प्रतिशत जले शव की पहचान के लिए अब डीएनए जांच कराई जाएगी। मंगलवार को डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम कर डीएनए परीक्षण के लिए जरूरी सैंपल सुरक्षित कर लिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस संदेही मृतक के परिजनों के ब्लड सैंपल लेकर फोरेंसिक मेडिको लीगल प्रक्रिया के तहत जांच कराएगी। इसके लिए मृतक की फीमर बोन और दांत के नमूनों का उपयोग किया जाएगा।
दरअसल कोटा क्षेत्र के सरैया गांव के मुख्य मार्ग से करीब 50 मीटर अंदर जंगल में बाइक से बंधा जला हुआ शव मिला था। मौके से पुलिस को मुंगेली जिले के पथरिया ब्लॉक से चोरी हुई बाइक के अलावा ईयरबड, मोबाइल और जीआई तार के अवशेष मिले थे। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच मुंगेली निवासी मिथिलेश वर्मा तक पहुंची।
बाइक और ईयरबड से मिला सुराग
पुलिस टीम मिथिलेश वर्मा के घर पहुंची तो परिजनों ने बाइक उसके द्वारा इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि की। उन्होंने यह भी बताया कि मिथिलेश रियलमी कंपनी का ईयरबड इस्तेमाल करता था। हालांकि, घटनास्थल से मिले ईयरबड के जले अवशेषों को देखकर परिजन उसकी पहचान की पुष्टि नहीं कर सके।
अब पुलिस इन परिस्थितिजन्य और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। डीएनए प्रोफाइल तैयार होने के बाद मृतक के सुरक्षित रखे गए नमूनों का परिजनों के ब्लड सैंपल से मिलान किया जाएगा।
संदेहियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य जुटा रही टीम
मामले में पुलिस को अब तक कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जा सकता है। फिलहाल संदेहियों को तलब कर पूछताछ की जा रही है। वहीं तकनीकी टीम डिजिटल और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। डीएनए रिपोर्ट से मृतक की पहचान स्पष्ट होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
वर्जन
पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इसके लिए कोई भी सुराग नहीं छोड़ रही है।
मधुलिका सिंह
एएसपी ग्रामीण




