
अटल विश्वविद्यालय में NSUI का 3 घंटे जोरदार प्रदर्शन, गले में ताला लटकाकर पहुंचे छात्र; परीक्षा तिथि में वृद्धि की गारंटी पर सोमवार तक आंदोलन स्थगित
“छात्रों के भविष्य पर तालाबंदी नहीं चलेगी, शिक्षा का मतलब शिक्षित करना है, परीक्षा थोपना नहीं!” – रंजेश सिंह

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा 30 नवंबर से प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि में वृद्धि की मांग को लेकर आज NSUI जिला अध्यक्ष रंजेश सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों प्रभावित विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में लगभग तीन घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र अपने गले में ताले लटकाकर पहुंचे और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की जल्दबाजी और मनमानी के कारण विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा और अधिकारों पर ताला लगाया जा रहा है।
NSUI जिला अध्यक्ष रंजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा का मतलब विद्यार्थियों को शिक्षित करना है, उन पर परीक्षा थोपना नहीं। विश्वविद्यालय प्रशासन का काम विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देना है, लेकिन बिना पर्याप्त तैयारी के परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यवस्थित अध्ययन की बात करती है। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने, विषयों को समझने और पुनरावर्तन करने का पर्याप्त समय मिलना चाहिए। केवल परीक्षा आयोजित कर देना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी पूरी होना नहीं है।
रंजेश सिंह ने कहा कि आज का प्रदर्शन विश्वविद्यालय प्रशासन को यह बताने के लिए था कि विद्यार्थियों के अधिकारों को दबाकर कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा। NSUI छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
सोमवार तक आंदोलन स्थगित, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा
लगभग तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष परीक्षा तिथि में वृद्धि की मांग प्रमुखता से रखी गई। सोमवार को परीक्षा तिथि में परिवर्तन किए जाने की गारंटी एवं सकारात्मक निर्णय की उम्मीद के आधार पर फिलहाल आंदोलन को सोमवार तक स्थगित किया गया है।
रंजेश सिंह ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन की समाप्ति नहीं, बल्कि प्रशासन को दिया गया अवसर है। यदि सोमवार को परीक्षा तिथि में वृद्धि को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो NSUI प्रभावित विद्यार्थियों के साथ आगे और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन में गूंजे छात्रहित के नारे
– छात्रों के भविष्य पर तालाबंदी नहीं चलेगी!
– छात्रों के अधिकारों पर तालाबंदी बर्दाश्त नहीं!
– शिक्षा का मतलब शिक्षित करना है, परीक्षा थोपना नहीं!
– यह विश्वविद्यालय है या तानाशाही की पाठशाला?
– पर्याप्त पाठ्यक्रम और पर्याप्त समय, विद्यार्थियों का अधिकार!
– परीक्षा की तैयारी का समय देना होगा!
– छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो!
– परीक्षा तिथि में वृद्धि की गारंटी दो!
रंजेश सिंह ने अंत में कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन यह न भूले कि विद्यार्थी केवल परीक्षा देने वाली मशीन नहीं हैं। उनके भी सपने हैं, भविष्य है और शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। NSUI विद्यार्थियों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई सड़क से लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन तक पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
छुट्टी और बाहर होने का करते रहें बहाना छात्रों के जिद्द के सामने झुक कर छुट्टी के दिन पहुचे परीक्षा नियंत्रक देवांगान कहाँ छात्रों के लिए लिए जायेगा फैसला l
पुष्पराज साहू,करन यादव, प्रदीप सिंह, सुमित ठाकुर,राजा खान, पूनम लोनिया ,चांद यादव ,भूमिका विश्वकर्मा ,रंजीता साहू ,धानेश्वर साहू, गौकरण साहू, अशीष यादव, मानेंद्र , अतुल रजक, नमन रात्रे, सुदीप शास्त्री, सुजल द्विवेदी, श्रेयांश, दीपक भास्कर,कमलेश गोस्वामी, केडी यादव, देवेश पटेल, गंगू रजक, श्याम साहू, राहुल साहू, प्रेम दीवार, गजेंद्र यादव, ऋषभ साहू, समीर साहू, संजू,शेख सलमान, भूपेश राजपूत ,राहुल यादव ,रोशन ठाकुर ,अनुज वर्मा ,विकास साहू,युराज टंडन, अमित कुमार, स्वरित सिंह सहित शैकड़ों छात्र छात्राएं मौजूद रहें l






