Blog

7 महीने पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी…लूट के लिए युवक को बेरहमी से पीटकर नदी में फेंका

पचरीघाट के पास मिली थी लाश,

हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । सिटी कोतवाली पुलिस ने करीब सात महीने पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवक की हत्या लूट के उद्देश्य से की गई थी। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेंद्र सूर्यवंशी 25 वर्ष निवासी ग्राम नरगोड़ा के रूप में हुई थी। 15 जुलाई 2025 को अरपा नदी चेक डैम के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। बाद में पोस्टमार्टम, डायटम रिपोर्ट, विसरा परीक्षण और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर अपराध दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान मिले तकनीकी इनपुट और मानव सूचना के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ भोले केवट 20 वर्ष और शनि उर्फ छोटू गंधर्व 20 वर्ष को हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे पचरी घाट डैम के पास शराब पीने के बाद लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने मृतक को अकेला बैठे देखा और उसके पास मोबाइल व नगदी होने की आशंका में लूट की योजना बनाई। विरोध करने पर दोनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे अचेत कर दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।फिलहाल पकड़े गये आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *