कोटा क्षेत्र के शांत माहौल को बिगाड़ने की कर रहे कोशिश,असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की मांग की आदिवासी समाज ने…..इधर अटल और प्रबल ने एक दूसरे पर लगाया गंभीर आरोप

ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे कोटा विधायक
सामुदायिक भवन में बाहरी और असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाया जा रहा धर्मांतरण का अफवाह
बिलासपुर। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने आज ग्रामीणों और आदिवासियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर बाहरी एवं असामाजिक तत्वों द्वारा क्षेत्र में फैलाई जा रही अशांति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों और आदिवासियों ने कहा कि कोटा एक शांतिप्रिय एवं धार्मिक सौहार्द का प्रतीक क्षेत्र है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग सद्भाव के साथ निवास करते हैं और अपने धार्मिक क्रियाकलापों को शांतिपूर्वक संपन्न करते हैं। कोटा से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पुडू के आश्रित ग्राम बंगलाभाठा में एक सामुदायिक भवन का निर्माण ग्रामवासियों और आदिवासियों ने स्वयं के धन और श्रम से किया है। जिसका उद्देश्य सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करने का है । 5 नवंबर 2024 को भवन के उद्घाटन के अवसर पर कुछ बाहरी और असामाजिक तत्वों ने अनावश्यक विरोध किया। असामाजिक तत्वों ने बेवजह धर्मांतरण से जुड़ी भ्रामक और झूठी खबरें फैलाकर गांव और क्षेत्र में तनाव पैदा करने की कोशिश की । ग्रामीणों ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने कोटा की शांति भंग करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काकर साम्प्रदायिक दंगा फैलाने का प्रयास किया है जिसके कारण आदिवासी समाज में काफी आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब गांव वाले और जनप्रतिनिधि असामाजिक तत्वों का विरोध करने के लिए खड़े हुए, तो पुलिस ने उन्हें अनावश्यक रूप से हिरासत में ले लिया। जिससे क्षेत्रवासियों में अत्यधिक रोष उत्पन्न हो गया है। ऐसे में बाहरी और असामाजिक तत्वों द्वारा धर्म और समुदाय के नाम पर की जा रही भड़काऊ गतिविधियों के खिलाफ अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। कलेक्टर से मिलकर आदिवासी समाज के लोगो ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर सख्त कदम उठाए जाएं ताकि कोटा और इसके आस-पास का माहौल फिर से शांतिपूर्ण हो सके और क्षेत्र में भाईचारा बना रहे।इस अवसर पर आदिवासी समाज और ग्रामीण मौजूद रहे।
बाहर से आकर ग्रामीणों पर धर्मांतरण का झूठा आरोप लगाकर भ्रम फैलाया जा रहा
कलेक्टर के पास ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीणों ने भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव पर आरोप लगाकर कहा कि धर्मांतरण के नाम पर झूठा एवं भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है।क्योंकि गांव में आदिवासी समाज अपने लिए और अन्य समाज के लिए भवन बनाए है। जिसका उपयोग कार्यक्रमों में होना है। लेकिन बेवजह आदिवासियों को गुमराह करने और अन्य समाज के लोगो के बीच धर्मांतरण की अफवाह फैलाई जा रही है जिससे माहौल खराब हो रहा है।इसलिए इस मामले में जिला और पुलिस प्रशासन को झूठी अफवाह फैलाने वाले पर कार्यवाही करनी चाहिए।
धार्मिक नगरी में धर्मांतरण का काम किया जा रहा जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा=प्रबल
इस मामले को लेकर भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का कहना है सरकारी जमीन पर बने भवन में विधायक को भी न्योता दिया गया था । प्रार्थना सभा के बहाने धर्मांतरण का काम भी आदिवासी समाज द्वारा किया जा रहा था। रतनपुर के धार्मिक नगरी में धर्मांतरण का काम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इसमें सबसे सोचने वाली बात है कि प्रशासन क्या कर रही थी। अगर प्रशासन को सूचना मिली थी तो कार्यवाही करना चाहिए था। प्रबल ने मीडिया के माध्यम से कहा कि हिंदुओं से मिलने जाऊंगा और कोशिश करूंगा कि कोई भी हिन्दू धर्मांतरण न करे।
प्रबल ने भूपेश की पूर्व सरकार पर आरोप लगाकर कहा कि कांग्रेस सरकार में सबसे ज्यादा सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा हुआ है।जिसमे बड़े लोग शामिल है। कांग्रेस शुरू से हिन्दू विरोधी सरकार रही है।और भूपेश के समय ही सबसे ज्यादा धर्मांतरण हुआ है लेकिन हम सब हिन्दू एक है और एकत्रित होकर काम करेंगे। इसके लिए कोटा विधानसभा में पैदल यात्रा करेंगे और धर्मांतरण के विरोध में अभियान चलाकर हिंदुओं की घर वापसी भी करेंगे।
भाजपा सरकार हिंदुत्व को बदनाम कर रही,हिंदुत्व के नाम पर आतंक मचा रही=अटल
इस मामले में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव का कहना है कि बंगलाभाटा में जो भवन बना है वह आदिवासी समाज ने खुद बनाया है।जो सभी समाज के लिए है।जिसमें सभी धर्मी के लोगो को कार्यक्रमों के लिए भवन दिया जाता है। लेकिन कुछ लोगो के द्वारा बेवजह अशांति फैलाने का काम किया जा रहा है। कोई भी इंसान अपने धर्म का प्रचार कर सकता है चाहे वह किसी भी धर्म जाति से जुड़ा हो। लेकिन भगवा पहनकर भगवा के नाम पर आतंक मचाने का काम किया जा रहा है। अगर किसी को कोई समस्या थी या कोई शिकायत थी तो पुलिस के पास बताना था। लेकिन प्रबल के कार्यकर्ता खुद विरोध करने पहुंच गए और गांव में आतंक मचा दिया जिन पर कार्यवाही होनी चाहिए। अटल ने आरोप लगाकर कहा कि जशपुर और झारखंड से आए हुए बाहरी लोगों पर कार्यवाही होना चाहिए।भाजपा सिर्फ मुस्लिम,सतनामी समाज और आदिवासियों को टारगेट कर रही है इसलिए अफवाहें फैलाकर कोई भी आरोप लगा रही है। अटल ने कहा कि भाजपा हिंदुत्व को बदनाम कर रही है। हिंदुत्व के नाम पर आतंक मचा रही है मैं भी हिन्दू हूं और गर्व से कहता हूं कि हिंदू हूं । लेकिन इन पाखंडी हिंदू जैसा नहीं हूं। देश संविधान से चलेगा इनकी गुंडागर्दी से नहीं।
अगर प्रबल को कुछ करना है तो जशपुर जाकर करे उनकी नौटंकी कोटा में नहीं चलेगी ।