राशि प्लांट में हादसा: कर्मचारी गंभीर रूप से घायल

अपोलो अस्पताल में इलाज जारी
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पाराघाट स्थित राशि स्टील एंड पावर प्लांट में एक बार फिर से गंभीर हादसा हो गया। इस बार प्लांट के बेनिफिकेशन सेक्शन में कार्यरत एक कर्मचारी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी मूलचंद साहू जो राशि प्लांट में बेनिफिकेशन इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं, को आनन-फानन में अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह कोई पहला मौका नहीं है जब राशि स्टील एंड पावर प्लांट में ऐसा हादसा हुआ हो। इससे पहले भी कई बार प्लांट में सुरक्षा उपायों की अनदेखी के चलते दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्लांट के कर्मचारियों और वर्करों ने सेफ्टी की मांग को लेकर कई बार हड़ताल भी की है, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मूलचंद साहू प्लांट के बेनिफिकेशन सेक्शन में काम कर रहे थे, इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। तत्काल उनके सहकर्मियों ने प्राथमिक चिकित्सा देकर उन्हें अपोलो अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
कर्मचारी सुरक्षा पर फिर उठे सवाल….
राशि प्लांट में लगातार हो रहे हादसों ने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्लांट में सुरक्षा मानकों की कमी और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।