मोपका पुलिस चौकी क्षेत्र की घटना, पीड़ित छात्राओं ने एसपी से शिकायत की
अज्ञात युवक ने छात्रा को पीटा और थाने में पुलिस ने किया दुर्व्यवहार
बिलासपुर। बाइक सवार अज्ञात युवक ने रास्ता रोककर सरकारी स्कूल के छात्रा की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पीड़ित छात्रा अपने परिजन व शिक्षक के साथ मोपका पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की। शिक्षक व छात्रा का आरोप है कि चौकी प्रभारी एसआई व पुलिसकर्मियों ने शिकायत सुनने के बजाए दुर्व्यवहार किया और अपशब्द भी बोले हैं। पीड़ित छात्राओं व परिजन ने एसपी रजनेश सिंह से शिकायत करने पहुंचे।
पीड़ित छात्रा व शिक्षक ने बताया कि मोपका क्षेत्र के सरकारी स्कूल जाने की सड़क में एक अज्ञात नकाबपोश युवक पिछले 20-25 दिनों से रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता है। इससे सभी छात्राएं परेशान हैं। बीते 21 दिसंबर 2024 को परेशान छात्राओं ने मोपका चौकी पुलिस में लिखित में शिकायत की थी और आरोपी युवक की बाइक का नंबर भी पुलिस को बताई थी। इसके बाद भी पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। 2 जनवरी को कक्षा सातवी की छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी। इस बार भी नकाबपोश अज्ञात युवक ने रास्ता रोककर छेड़खानी शुरू की। विरोध करने पर युवक ने छात्रा की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित छात्रा रोती हुई स्कूल पहुंची और शिक्षक व परिजन के साथ सूचना देने पुलिस चौकी मोपका पहुंचे। आरोप है कि चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मियों ने मामले में कार्रवाई करने के बजाए पीड़ित छात्रा व शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार करने लगे साथ ही अपशब्द बोलकर अपमानित किया। इससे छात्रा व परिजन आक्रोशित हो गए और एसपी कार्यालय शिकायत करने पहुंच गई।