Blog

9 छात्राओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने वाले प्रधान पाठक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज, आरोपी प्रधान पाठक गिरफ्तार

छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाली आरोपी प्रधान पाठक के खिलाफ छात्राओं ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई थी। जिस पर तीन सदस्यीय कमेटी ने जांच की। जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद प्रधान पाठक के खिलाफ बीईओ ने अपराध दर्ज करवाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करवाया है।

सूरजपुर। प्रधान पाठक के द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार करने के मामले में शिक्षा विभाग के बाद पुलिस ने भी कार्यवाही की है। आरोपी प्रधान पाठक के खिलाफ पॉक्सो और एक्ट्रोसिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी प्रधान पाठक को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

सूरजपुर विकासखंड के एक शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में प्रधान पाठक के पद पर मोहम्मद रउफ पदस्थ थे। उनके खिलाफ स्कूल की 9 छात्राओं ने टोल फ्री नंबर– 1098 में छेड़छाड़ और अश्लीलता की शिकायत की थी। शिकायत को संज्ञान में लेकर कलेक्टर एस जयवर्धने ने एसडीएम शिवानी जायसवाल,जिला शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा और जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल की तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई थी।जांच टीम मिडिल स्कूल पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने अपने बयान में बताया कि पिछले 1 साल से हेडमास्टर मोहम्मद रऊफ उनके साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। प्रधान पाठक अपने ऑफिस में बुलाकर उनके साथ अश्लील हरकतें करते हैं और उनके निजी अंगों को छूते हैं। कक्षा छठवीं से लेकर आठवीं तक की छात्राएं प्रधान पाठक के इस व्यवहार से डरी हुई थी और हेड मास्टर की इस हरकत से स्कूल में भय का माहौल व्याप्त था।

जागरूकता कार्यकम के बाद हिम्मत जुटा छात्राओं ने की शिकायत:–

छात्राएं पिछले 1 साल से प्रधान पाठक की हरकत से परेशान चल रही थी। पर डर और जानकारी के अभाव में उन्होंने कही शिकायत नहीं की थी। हाल ही में स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें गुड टच और बैड टच की जानकारी दी गई थी। इसके अलावा टोल फ्री नंबर के बारे में भी बताया गया था। जिसके बाद छात्राओं ने हिम्मत जुटा टोल फ्री नंबर में शिकायत की और मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। जिसके बाद जांच करवाई गई और मामले की पुष्टि हुई।

मामले में पुष्टि होने के बाद जांच रिपोर्ट संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग सरगुजा हेमंत उपाध्याय को भेजी गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त संचालक ने प्रधान पाठक मोहम्मद रउफ को निलंबित कर दिया था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय प्रेमनगर नियत किया गया है।

बीईओ ने करवाई एफआईआर,पुलिस ने किया गिरफ्तार:–

प्रधान पाठक द्वारा छात्राओं से बैड टच और छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपी प्रधान पाठक के खिलाफ निलंबन के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने कोतवाली थाने में कलेक्टर द्वारा गठित की गई जांच टीम के प्रतिवेदन के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिस पर पुलिस ने आरोपी प्रधान पाठक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व एक्ट्रोसिटी एक्ट के सहित बीएनएस की धारा 75/2 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी प्रधान पाठक मोहम्मद रउफ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर आरोपी को जेल दाखिल करवाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *