नावेल्टी दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर, दुकान के अंदर हुए धमाके,दो दुकानों तक पहुंची आग

नावेल्टी दुकान में लगी आग से पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। आग बढ़ते बढ़ते दो और दुकानों तक पहुंच गई। आठ दमकलों के सहारे आग पर काबू पाया जा सका।
बिलासपुर। न्यायधानी के नावेल्टी दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लाखों का सामान जल कर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। वहीं दुकान के अंदर हुए धमाके से आसपास का एरिया दहल गया। किसी तरह दमकलों के सहारे आग पर काबू पाया गया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा में व्यवसायिक परिसर हैं। तेलीपारा क्षेत्र में कई दुकानें संचालित हैं। यहां की एक नावेल्टी दुकान में आज सुबह आग लग गई। आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग में रखे ज्वलनशील पदार्थ की वजह से दुकान की आग फैल गई। वहीं दुकान में रखे कोल्ड फायर स्प्रे की वजह से दुकान के अंदर धमाके होने लगे। पड़ोसियों ने जब देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंची और आग बुझाने शुरू किया। पर आग फैलते फैलते दो दुकानों तक पहुंच गई। आग की भयावाहता को देख कर और भी दमकलों को मौके पर बुलाया गया। कुल 8 दमकलों ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाना शुरू किया।
आग बढ़ती देख मौके पर अफरा तफरी मच गई। आसपास के दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गए। धमाकों की वजह से आस पास का इलाका गूंज उठा। लोग भी अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।