जब पत्थरों पर बैठकर आमजनो की पीड़ा सुनी मंत्री ने,…..दूरस्थ गांवों में गूंजा जनता का दर्द….मंत्री ने राशन,रिश्वतखोर पटवारी और पेयजल को लेकर दिखाई गंभीरता

ओड़गी ब्लॉक के बीहड़ गांवों में पहुँचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पानी, राशन और घूसखोरी पर अफसरों की लगी क्लास
सूरजपुर/ओड़गी ।‘गाँव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री व भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी ब्लॉक के कई बीहड़ और सुदूर गांवों में जन चौपाल लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं।इस दरम्यान किसी मंच या कुर्सी की जरूरत नहीं पड़ी वरन मंत्री खुद जमीन और पत्थरों पर बैठीं, और ग्रामीणों की आवाज़ को प्राथमिकता दी। गांव के लोगों ने खुलकर अपनी बातें रखीं और मंत्री ने हर शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया।

*दूधो गांव में जलसंकट, विभाग पर भड़की मंत्री*
दौरे की शुरुआत ग्राम दूधो से हुई, जहां ग्रामीणों ने पेयजल संकट की बड़ी समस्या सामने रखी। जल संसाधन विभाग की लापरवाही पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने चौपाल में विभागीय अधिकारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ को फटकार लगाई और तत्काल नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा – “गांव प्यासा है और अधिकारी नदारद, अब ये ढिलाई नहीं चलेगी।”

*बिलासपुर पंचायत में राशन कार्ड के बदले रिश्वत का मामला उजागर*
ग्राम पंचायत बिलासपुर में राशनकार्ड बनवाने के लिए सेल्समेन द्वारा पैसे लेने की शिकायत मिलते ही मंत्री ने मौके पर ही संबंधित कर्मचारी को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “गरीबों से पैसा लेना बंद करें। यदि शिकायत दोबारा मिली, तो आपका लाइसेंस रद्द होगा और आप पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

*पटवारी पर भी कसा शिकंजा*
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पटवारी नामांतरण और फौती जैसे कार्यों के बदले अवैध रूप से पैसे की मांग करते हैं। मंत्री ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए तहसीलदार ओड़गी को तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
*भकुरा और माढ़र में भी लगी चौपाल, समस्याएं सुन त्वरित समाधान*
जन चौपाल का कारवां ग्राम पंचायत भकुरा और माढ़र तक पहुँचा, जहाँ ग्रामीणों ने सड़क, राशन, आवास और पेंशन संबंधी समस्याएं रखीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय हो।
*विभागों को मिले स्पष्ट निर्देश, अधिकारी रहे मौजूद*
मंत्री ने साफ और सीधे शब्दो मे कहा कि किसी को भी समस्या नहीं होनी चाहिए और विभागीय कार्यों मै लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।