Blog

परीक्षार्थी सीट छोड़ना तो दूर, पानी भी खुद नहीं पी सकेंगे

हाथ उठाने पर कर्मचारी पिलाएंगे पानी

गाइडलाइन का कड़ाई से होगा पालन

4 अप्रैल को देशभर में एकसाथ होगी परीक्षा

21 परीक्षा केंद्र बिलासपुर में बनाए गए

7,544 परीक्षार्थी करेंगे पर्चा हल

3 घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र

बिलासपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक 2025 रविवार चार मई को होगी। आनलाइन एडमिट कार्ड पहले ही जारी हो चुका है। बिलासपुर में 21 स्कूल और कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी, जहां 7,544 परीक्षार्थी पर्चा हल करेंगे। इस बार परीक्षा केंद्र किसी किले से कम नहीं होंगे। सुरक्षा, अनुशासन और गर्मी तीनों मोर्चों पर प्रशासन पूरी तरह सजग है। चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी होगी। परीक्षार्थी को सीट छोड़ना तो दूर, पानी भी खुद नहीं पी सकेंगे! हाथ उठाने पर कर्मचारी पानी पिलाएंगे।
न्यायधानी में संभागायुक्त सुनील जैन और आइजी संजीव शुक्ला की निगरानी में परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मंगल को मंथन सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ निर्देश दिए कि एक भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था के साथ व्हीलचेयर और जनरेटर तक की अनिवार्यता तय कर दी गई है। दिव्यांग परीक्षार्थियों को ग्राउंड फ्लोर पर बैठाने की विशेष व्यवस्था होगी।
परीक्षार्थी पानी की बोतल तक नहीं ले जा सकेंगे। केंद्र पर ज्वेलरी, घड़ी, बेल्ट, हैंडबैग, मोबाइल, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर और यहां तक कि पेंसिल बाक्स तक वर्जित कर दिए गए हैं। पानी पीने की जरूरत होने पर हाथ उठाने होंगे। स्टाफ पानी पिलाएगा। गर्मी की चुनौती से निपटने की पूरी तैयारी कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पानी, बिजली और छाया की व्यवस्था होनी चाहिए। बच्चों को परीक्षा शुरू होने से पहले लंबा इंतज़ार न करना पड़े, इसके लिए गेट एंट्री की प्रक्रिया तेज़ करने का निर्देश दिया गया है।

अफवाहों से बचें, अफसरों पर रखें भरोसा

आईजी डॉक्टर संजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि इंटरनेट मीडिया पर उड़ती अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि एसओपी का पालन होगा और नोडल अधिकारी से लेकर सुरक्षाकर्मी तक सबकी ड्यूटी तय कर दी गई है। परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराना पहली प्राथमिकता है।

परीक्षार्थी क्या ले जाएं

नीट एडमिट कार्ड

पासपोर्ट फोटो

ट्रांसपेरेंट पेन

वैध आइडी प्रूफ

क्या नहीं ले जा सकते

मोबाइल, घड़ी, ज्वेलरी, बेल्ट

बैग, पर्स, गागल्स

पानी की बोतल

कैलकुलेटर, पेन ड्राइव

किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

बहुविकल्पीय 180 प्रश्न पूछे जाएंगे

एनटीए की ओर से परीक्षा प्री-कोविड प्रारूप में संपन्न होगी। नीट यूजी परीक्षा में छात्रों से बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र हल करने के लिए स्टूडेंट्स को तीन घंटे यानी कि 180 मिनट का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर देने पर छात्रों को चार अंक दिए जाएंगे। इस पेपर में माइनस मार्किंग का प्रावधान भी रखा गया है इसलिए छात्र तुक्का लगाने से बचें। गलत उत्तर देने पर एक अंक की कटौती की जाएगी।

इन विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न

प्रश्न पत्र कुल 720 अंकों के लिए होगा। पेपर में फिजिक्स विषय से 45 सवाल, केमेस्ट्री विषय से 25 सवाल और 90 प्रश्न बायोलाजी (जूलाजी-बाटनी) से पूछे जाएंगे। इधर बिलासपुर में परीक्षार्थी जोरदार मेहनत कर रहे हैं। प्रतिदिन अपने पढ़ाई पर पूरा ध्यान लगा रहे हैं। शिक्षक एवं अभिभावक भी बच्चों को पूरा समर्थन और सहयोग दे रहे हैं, ताकि बच्चा पेपर सबसे अच्छा कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *