Blog

ट्रांसफार्मर लगने के बाद फिर से बना दिया इस्टीमेट,शासन के रकम को क्षति पहुंचाने से पहले इंजीनियर हुआ निलंबित

ट्रांसफार्मर लगने के बाद दुबारा स्टीमेट बना शासकीय राशि का गबन करने से पहले मामले का भांडाफूट गया। विद्युत वितरण कंपनी के चेयरमेन रोहित यादव से हुई शिकायत के बाद जूनियर इंजीनियर की निलंबित कर दिया गया है। वही सहायक अभियंता को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है।

बिलासपुर l ट्रांसफार्मर लगने के बाद फिर से उसे लगवाने के लिए इस्टीमेट बना टेंडर जारी करवा दिया गया। ट्रांसफार्मर पहले से ही लग चुका था और इस्टीमेट बना बिना काम के बिल पास करवा अधिकारी गबन करना चाहते थे। पर इससे पहले ही शिकायत हो गई और विद्युत वितरण कंपनी के जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया। वहीं सहायक अभियंता को शो काज नोटिस जारी किया गया है।
पूरा मामला विद्युत वितरण कंपनी के ओएंडएम डिवीजन ने सीपत सब डिवीजन का है। सीपत सबडिवीजन के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोहदा में लो वोल्टेज की समस्या थी। गांव के लोगों की मांग पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का स्टीमेट बनाकर कार्यपालन अभियंता को भेजा गया। स्वीकृति मिलने के बाद नया ट्रांसफार्मर लग भी गया।

ट्रांसफार्मर लग जाने के बाद भी सीपत के जूनियर इंजीनियर अनुराग सोनी ने डेढ़ लाख रूपये का स्टीमेट बना कर भेजा। सहायक अभियंता राजकुमार चौहान ने उसकी स्वीकृति कर दी। इसके बाद उसे कार्यपालन अभियंता मिलिंद पांडे को भेजा गया। सभी दस्तावेज ठीक रहने पर ट्रांसफार्मर लगाने के लिए प्रोजेक्ट विंग को टेंडर के लिए भेजा गया। उसकी स्वीकृति ईडी और एसई ने भी दी। इसके बाद टेंडर जारी कर ठेकेदार भी चुन लिए गए।

टेंडर मिलने के बाद ठेकेदार जब ग्राम मोहदा में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पहुंचा तो वहां पहले से ही ट्रांसफार्मर लगा मिला। उसने अधिकारियों से संपर्क कर पहले से काम हो जाने की जानकारी दी। जानकारी होते ही विभाग में हड़कंप मच गया। ठेकेदार ने इसकी शिकायत विद्युत वितरण कंपनी के चेयरमेन रोहित यादव से की। उनके आदेश पर जांच शुरू हुई। जिसमें मामले की पुष्टि हुई।

उक्त मामले में अधिक्षण अभियंता एसके जांगड़े ने ट्रांसफार्मर बनने के बाद फिर से नया स्टीमेट बनाने के आरोप में सीपत के जूनियर इंजीनियर अनुराग सोनी को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा सहायक अभियंता राजकुमार चौहान को शो कॉज नोटिस जारी किया है। उनका जवाब मिलने के बाद उन पर भी जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *