Blog

प्रशिक्षण से संवरेगी खेती: कृषि संकल्प अभियान के तहत पेंड्रा क्षेत्र के किसानों को दी गई आधुनिक तकनीकों की जानकारी

पेंड्रा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही |
कृषि एवं कृषक कल्याण के लिए चलाए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के विशेषज्ञों द्वारा आज पेंड्रा विकासखंड के ग्राम कनाई बहरा एवं कोडगार में कृषकों को उन्नत कृषि तकनीकों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. अजय टेगर, प्राध्यापक (कृषि अर्थशास्त्र) ने कृषि लागत प्रबंधन, बाजार मूल्य विश्लेषण, एवं लाभकारी फसल चक्र जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को बताया कि सीमित संसाधनों में अधिकतम उत्पादन हेतु उन्हें लागत-लाभ विश्लेषण का नियमित अभ्यास करना चाहिए।

डॉ. राजेश कुमार साहू, प्राध्यापक (कृषि विस्तार) ने किसानों को समुदाय आधारित कृषि नवाचार, फसल बीमा योजनाओं की महत्ता, तथा कृषि तकनीकी प्रसार के नए तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे ग्राम स्तर पर किसान उत्पादक संगठन का गठन किसानों की सामूहिक शक्ति को बढ़ा सकता है।

वहीं वैज्ञानिक डॉ. अवनीत कुमार, पादप प्रजनन एवं अनुवांशिकी विशेषज्ञ ने उन्नत किस्मों के चुनाव, बीज शुद्धता, फसल विविधता, एवं जलवायु परिवर्तन के अनुरूप फसल प्रबंधन पर रोशनी डाली। उन्होंने यह भी समझाया कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तैयार किस्मों का प्रयोग किसानों की उत्पादकता और लाभ दोनों में वृद्धि करता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसानों ने जैविक खेती, मिश्रित खेती, और जल संरक्षण तकनीकों में गहरी रुचि दिखाई और विषय विशेषज्ञों से विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में सम्मिलित हुए किसान भाइयों ने इस तरह के प्रशिक्षणों को कृषि ज्ञान का अमूल्य स्रोत बताया।

कार्यक्रम का समन्वय स्थानीय कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया। अंत में, विकसित कृषि संकल्प अभियान के माध्यम से भविष्य में और अधिक गांवों तक तकनीकी सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *