कागजों में मारे मच्छर, ज़मीनी हकीकत में फेल नजर आई नगर निगम की व्यवस्था
बिलासपुर में मच्छरों का आतंक, फॉगिंग पर खर्च हुए करोड़ों, राहत अब भी दूर
बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र और इससे जुड़ी 18 पंचायतों में मच्छरों का आतंक इन दिनों चरम पर है। हालत यह है कि लोग दिन में भी मच्छरों के काटने से परेशान हैं। वहीं नगर निगम की ओर से फॉगिंग और लार्वा नियंत्रण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नालों की सफाई नहीं हो रही और शहर के स्लम और आउटर एरिया में हालात बदतर बने हुए हैं।
बारीकी से पड़ताल करने में सामने आया है कि नगर निगम ने जनवरी 2021 से दिसंबर 2023 तक फॉगिंग के लिए 1.59 करोड़ रुपए का पेट्रोल और 3.27 करोड़ रुपये का डीजल खर्च किया। कुल मिलाकर यह राशि 4.86 करोड़ रुपये से अधिक होती है। इसके बावजूद वार्डों में नियमित फॉगिंग नहीं हो रही। लोगों ने बताया कि फॉगिंग मशीनें कई-कई दिनों तक उनकी गलियों में नहीं दिखाई देतीं। कोटा क्षेत्र में मलेरिया से हुई 4 मौतों ने नगर निगम की लापरवाही को उजागर कर दिया है। वहीं अन्य वार्डों से भी डेंगू और वायरल बुखार के मामलों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि शाम होते ही लोग घरों के बाहर बैठने से डरते हैं। यह स्थिति स्वास्थ्य आपातकाल जैसी बनती जा रही है।
शहर के 70 वार्डों के लिए निगम के पास महज 15 फॉगिंग मशीनें हैं, जिनमें से आधी वीआईपी इलाकों में ही रिजर्व रहती हैं। स्लम और आउटर एरिया के लोगों को नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा के छिड़काव जैसी जरूरी सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। हर महीने निगम पेट्रोल-डीजल में 40 से 50 लाख रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल पा रहा है। हालांकि,नए निगमायुक्त के आने के बाद अब फॉगिंग की प्रक्रिया रोजाना की जा रही है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण राहत नहीं मिल पा रही। फॉगिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने और एंटी लार्वा छिड़काव को व्यापक स्तर पर लागू करने की जरूरत है, ताकि महामारी जैसी स्थिति से बचा जा सके। जनता अब निगम से जवाब मांग रही है कि जब करोड़ों रुपये खर्च किए गए, तो फिर मच्छरों पर नियंत्रण क्यों नहीं हुआ? क्या यह राशि सिर्फ कागजों पर ही खर्च हुई।लोगों की मांग है कि नगर निगम पारदर्शिता के साथ रिपोर्ट जारी करे और प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर मच्छरों पर नियंत्रण किया जाए।
वर्जन
मच्छरों के लिए नगर निगम ने वार्डो में जाकर
अभियान चलाया है।
इसके लिए हर दिन फॉगिंग मशीन से मच्छरों को मारा जा रहा है।
खजांची कुमार उपायुक्त नगर निगम