Blog

मिनी बस्ती में दो पक्षो के बीच हुआ खूनी संघर्ष….नाबालिग की हत्या

चाकूबाजी से एक नाबालिग की मौत

मिनी बस्ती इलाके में तनाव का माहौल

बिलासपुर । आपसी रंजिश में बीच-बचाव करने पर सूरज भास्कर ने कहा तू भी बचाने आया है।और अपने घर से लाया हुआ सब्जी काटने वाला चाकू निकालकर सुमित बांधे के सीने में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जरहाभाठा स्थित मिनी बस्ती में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक नाबालिग की मौत हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें 17 वर्षीय सुमित बांधे गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। पूरी घटना  रविवार की है जब मिनी बस्ती में सुनील बांधे और सूरज भास्कर के परिवार के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा चाकू से हमला किया गया, जिसमें सुमित को गहरी चोटें आईं। घायल अवस्था में सुमित को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही समय बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक सुमित बांधे की उम्र मात्र 17 वर्ष थी और वह नाबालिग था। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। मौके की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। घटना के बाद मिनी बस्ती क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पहले भी आरोपियों द्वारा सुमित और उसके परिवार को धमकाया गया था, लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। टीआई सिविल लाइन सुम्मत राम साहू ने बताया कि घटना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एक पक्ष के लोगों को घर के अंदर से निकालकर थाने लाया गया। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही घटना के पीछे के कारणों और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। मिनी बस्ती इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की टीम लगातार गश्त कर रही है।

*मिनी बस्ती में कई बार हो चुकी है घटना*

मिनी बस्ती में एक बार नहीं बल्कि कई बार घटना हो चुकी है।मिनी बस्ती नशे और अवैध कारोबार के अलावा मारपीट के नाम से ज्यादा फेमस है।इसके बाद भी पुलिस का दहशत वहां पर नहीं है।जबकि कई लोगों को जेल भेज चुकी है कई गुंडे बदमाशों को समझाइश दे चुकी है बावजूद इसके लगातार घटनाएं हो रही है।

*मुख्य आरोपी के साथ दो हिरासत में,एक फरार की तलाश जारी*

पुलिस ने बताया की मृतक एवं आरोपी एक ही मोहल्ले मिनी बस्ती के निवासी हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी सूरज भास्कर एवं दो नाबालिग बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है ।जबकि अन्य आरोपी छोटू घटना के बाद से फरार है जिसकी खोजबीन की जा रही है ।

*आगजनी की घटना को अंजाम देने की कोशिश*

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों के घर में घुसकर आगजनी का प्रयास किया ।जिसे समय रहते दमकल के दल में मौके पर नियंत्रित कर लिया ।आगजनी की घटना के संबंध में अलग से अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *