स्कूलों में दीवारों से करंट आने के मसले पर हाईकोर्ट में शिक्षा सचिव से मांगा शपथ पत्र में जवाब
बिलासपुर के सेंदरी के स्वामी आत्मानंद प्राइमरी स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र स्कूल की दीवार में करंट आने पर झुलस गया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा सचिव से चार बिंदुओं में जवाब मांगा है।
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सेंदरी के स्वामी आत्मानंद प्राइमरी स्कूल में दीवारों से करंट फैलने से छात्र के झुलसने को लेकर हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र दीवार में फैली करेंट की चपेट में आकर झुलस गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इस मामले पर स्कूल शिक्षा सचिव को शपथ पत्र देने को कहा गया है।
सेंदरी के स्वामी आत्मानंद प्राइमरी स्कूल में कक्षा-4 का छात्र नीलेश पटेल स्कूल भवन की दीवार में फैले करंट से झुलस गया और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्रों के अनुसार बारिश के दिनों में दीवारों और फर्श में करंट महसूस होता है, जिससे पढ़ाई के दौरान डर का माहौल बना रहता है। हाई कोर्ट ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। इसके अलावा यह सिर्फ एक स्कूल की बात नहीं है। कई सरकारी स्कूलों की इमारतों में बारिश के समय करंट फैलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा, शहर और ग्रामीण इलाकों में कई स्कूल ऐसे हैं जिनके ऊपर से हाइटेंशन बिजली लाइनें गुजरती हैं। बरसात में इन लाइनों पर पेड़ों की टहनियां लटकने लगती हैं, जिससे करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाता है।
शिक्षा सचिव को इन बिंदुओं पर देना होगा जवाब:–
हाईकोर्ट ने सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को व्यक्तिगत हलफनामा देने को कहा गया है। उन्हें चार बिंदुओं पर जवाब देना होगा।
0 बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए?
0 किन स्कूलों का निरीक्षण किया गया?
0 हाइटेंशन लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई हुई या नहीं?
0 बिजली रिसाव रोकने के लिए भवनों की मरम्मत कैसे की गई?