बिलासपुर में चोरों का तांडव –दुकानों और घरों को बनाया निशाना,
आटो में लगाई आग
एक ही दिन सिरगिट्टी और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तीन बड़ी वारदात,लाखों की संपत्ति स्वाहा
बिलासपुर । चोरी और आगजनी की वारदातों से शहर दहल उठा है। मंगलवार को सामने आई तीन अलग-अलग एफआईआर ने पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने दुकानों और घरों से लाखों का माल पार कर दिया,वहीं एक ऑटो को आग के हवाले कर दिया गया है।जिसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार,पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। मंगला स्थित आजाद चौक में मनोज ट्रेडर्स नाम की किराना दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। प्रार्थी रामस्वरूप रजक ने बताया कि रात करीब 1 बजे बरसाती और बोरी से चेहरा ढंके एक अज्ञात चोर ने दुकान के ऊपर से टीन तोड़कर भीतर घुसकर ₹10,500 नगद और ₹3,000 के ड्रायफ्रूट चोरी कर लिए।दूसरी घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है, जहां वार्ड 12 दैहानपारा निवासी अशोक कुमार साहू के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने ₹30,000 कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शिकायतकर्ता एमकॉम का छात्र है और वारदात के समय अपनी महिला मित्र की बर्थडे पार्टी में गया हुआ था।तीसरी घटना भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है, जहां कुंदरापारा, तिफरा निवासी टोमन खांडे का ऑटो CG10AW9487 रात करीब 2 से 3 बजे के बीच जलकर खाक हो गया। अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई जिससे ऑटो का वायरिंग, सीट, डैशबोर्ड, तिरपाल व अन्य हिस्से जल गए। अनुमानित नुकसान ₹40,000 बताया गया है।सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।तीनों मामलों में आरोपी अब तक अज्ञात हैं और पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में लगी है।
लगातार हो रही वारदातों ने ना केवल पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं,बल्कि आम जनता के मन में भी असुरक्षा की भावना भर दी है।
वर्जन
घटना को लेकर पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है और संदेहियों को पकड़ने टीम का गठन किया गया है।
एसआर साहू,,टीआई थाना सिविल लाइन