देवरीखुर्द में नशाखोरी बनी मुसीबत
मोहल्लेवासियों ने पुलिस चौकी खोलने की मांग की
बिलासपुर । वार्ड नंबर 42 देवरीखुर्द क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों से परेशान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर इलाके में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की मांग की है। मोहल्ले में अवैध रूप से गांजा और शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है। वार्ड पार्षद लक्ष्मी यादव ने बताया कि क्षेत्र में नशे का कारोबार चरम पर है। नशे में धुत युवकों द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़, गाली-गलौज और मोहल्ले में हुड़दंग मचाना आम हो गया है, जिससे महिलाएं भयभीत हैं और रात में घर से बाहर निकलने में डरने लगी हैं। पार्षद ने कहा कि पहले इलाके में पुलिस चौकी थी, लेकिन उसके हटने के बाद से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए हैं। अब क्षेत्र में किसी भी घटना या शिकायत की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल पाती, जिससे पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि नशे के कारण न सिर्फ युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति भी बदतर होती जा रही है। आए दिन गली-गली में झगड़े, मारपीट और चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे मोहल्लेवासी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।मांगपत्र में मोहल्लेवासियों ने पुलिस अधीक्षक से अपील की है कि देवरीखुर्द क्षेत्र में फिर से स्थायी पुलिस चौकी खोली जाए, जिससे नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।