हाईकोर्ट ने एनएचआई के अफसरों से पूछा,सड़क पर चले हैं या नहीं? कब तक सुधार लेंगे सड़क,मांगा शपथ पत्र
रायपुर बिलासपुर नेशनल हाईवे क्रमांक 130 की खराब स्थिति पर हाईकोर्ट ने तलब अफसरों से पूछा कि एनएचआई द्वारा बनाई गई सड़क पर आप चले हैं या नहीं? आपने सड़क में यात्रा की है या नहीं? हाईकोर्ट ने सड़क की बदहाल स्थिति कब तक सुधरेगा इसका शपथ पत्र में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
बिलासपुर । रायपुर से बिलासपुर और पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक के बीच बने नेशनल हाईवे-130 की खराब हालत को लेकर हाई कोर्ट ने सख्त नाराजगी जताते हुए एनएचआई के अफसरों को तलब किया था। मंगलवार को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछा- क्या आपने कभी इस सड़क पर यात्रा की है? क्या ये सच नहीं कि सड़क की हालत बेहद खराब है?
हाईकोर्ट के निर्देश पर मंगलवार को एनएचएआई रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप लाल, प्रभारी प्रोजेक्ट डायरेक्टर डीडी. परलावर और एक अन्य अधिकारी दिनेश चंद्र शाही उपस्थित हुए। हाई कोर्ट ने इन अधिकारियों से पूछा कि क्या उन्होंने खुद एनएच-130 पर यात्रा की है? जवाब में अधिकारियों ने स्वीकार किया कि वे सड़क पर चले हैं। स्थिति खराब है, फिलहाल मरम्मत का काम जारी है। इस पर हाई कोर्ट ने कहा कि सड़क पर साइन बोर्ड तक नहीं लगे हैं और लगता है कि हाईवे के निर्माण में मानकों का पालन नहीं हुआ है।
रीजनल मैनेजर बोले- मरम्मत में लग सकता है समय:–
एनएचएआई के रीजनल मैनेजर प्रदीप लाल ने कहा कि सड़क की मरम्मत में अभी वक्त लगेगा क्योंकि कार्य काफी लंबा है। हालांकि उन्होंने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द हालात सुधारने की कोशिश की जा रही है और मानकों के अनुसार ही मरम्मत की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी से कहा- पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक सुधारे सड़क
इसके बाद हाई कोर्ट ने पेंड्रीडीह से नेहरू चौक की सड़क पर दरारें और अव्यवस्था पर सवाल पूछा, इस पर बताया गया कि यह क्षेत्र बिलासपुर नगर निगम में आता है और इस सड़क की मरम्मत का जिम्मा लोक निर्माण विभाग का है।
25 को शपथ पत्र में जवाब देने के निर्देश:–
हाईकोर्ट ने 25 अगस्त को अगली सुनवाई तय की है, इस दिन रायपुर से बिलासपुर और पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक सड़क की वर्तमान स्थिति की जानकारी कब तक सुधर जाएगी शपथ पत्र में बताने निर्देश दिए गए हैं।