थाने से 100 मीटर दूर हत्या, 3 दिन पहले भी मृतक रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचा था थाने,SSP ने थाना पहुंच की समीक्षा, लापरवाही पर ASI और TI पर गिरी गाज
थाने से 100 मीटर दूरी पर भरे बाजार हत्याकांड के बाद एसएसपी रजनेश सिंह कोतवाली थाने पहुंचे। लापरवाही पर उन्होंने टीआई को लाइन अटैच कर दिया है वहीं एएसआई को निलंबित कर दिया है।
बिलासपुर। रक्षाबंधन से पूर्व संध्या को थाने से 100 मीटर दूरी पर चाकूबाजी कर एक युवक की हत्या के मामले को एसएसपी रजनेश सिंह ने गंभीरता से लिया है। कल हत्या होने के बाद आज एसएसपी कोतवाली थाने पहुंचे। वहां समीक्षा के बाद लापरवाही बरतने पर उन्होंने एएसआई को निलंबित कर दिया है। वहीं कोतवाली टीआई विवेक पांडेय को लाइन अटैच कर दिया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के पचरीघाट मनोहर लाज के पास रहने वाली प्रमिला साहू(45) रोजी मजदूरी करती हैं। महिला ने बताया कि उसका बेटा दीपक साहू अपने दोस्तों दीपक विश्वकर्मा, दादू महराज, गणेश रजक और अन्य लोगों के साथ बाबाधाम देवघर गया था। वहां पर गणेश रजक ने दीपक पर अपना मोबाइल लेने का आरोप लगाकर विवाद किया था। इस दौरान उसने दीपक को जान से मारने की धमकी भी दी थी। वहां पर जलाभिषेक के बाद सभी बिलासपुर आ गए थे। यहां आने के बाद भी पांच अगस्त की रात गणेश ने उनके बेटे से विवाद करते हुए मारपीट की थी। इससे घायल दीपक ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में की। इस पर पुलिस ने घायल की डाक्टरी जांच कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। इधर कार्रवाई नहीं होने से आरोपित गणेश रजक के हौसले बुलंद हो गए। महिला ने बताया कि उनका बेटा शुक्रवार की शाम सात बजे घर से निकला था। इस दौरान महिला घर पर ही थी। रात करीब नौ बजे उनकी बहू लक्ष्मीन ने आकर बताया कि पशु चिकित्सालय के सामने गणेश ने दीपक पर मोबाइल लेने का आरोप लगाते हुए चाकू से हमला दिया। इस हमले में लहूलुहान दीपक वहीं पर गिर गया। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी मोहल्ले में देकर घायल को अस्पताल भेजा है।
अस्पताल में जांच के बाद डाक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर शव मर्च्यूरी भेज दिया। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने हत्यारे की तलाश शुरू कर दी। देर रात पुलिस ने आरोपित को शनिचरी बाजार के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चाकू जब्त कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड में भेज दिया गया। इधर मामले में लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर एसएसपी रजनेश सिंह शनिवार को कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने एएसआइ गजेंद्र शर्मा और टीआई विवेक पांडेय से पूछताछ की। इसमें पता चला कि पांच अगस्त की रात नाइट ड्यूटी पर एएसआइ गजेंद्र शर्मा मौजूद थे। उन्होंने दीपक की डाक्टरी जांच कराई। इसके बाद उसकी शिकायत दर्ज कर आरोपी पर कार्यवाही करने के बजाए घर भेज दिया। जिसके चलते आरोपी के हौसले बुलंद हुए और उसने हत्या को अंजाम दिया। वहीं, टीआई पर कर्मचारियों पर नियंत्रण नहीं होने और ठीक ढंग से थाना नहीं चला पाने की बात कहते हुए लाइन अटैच कर दिया गया है। । लापरवाही बरतने पर एएसआइ गजेंद्र शर्मा को निलंबित किया गया है।
देवेश संभालेंगे कोतवाली थाना:–
टीआई विवेक पांडेय को लाइन अटैच करने के बाद निरीक्षक देवेश राठौर को कोतवाली थाने का प्रभार दिया गया है। वर्तमान में वे पुलिस लाइन में अटैच रहते हुए एसपी ऑफिस में शिकायत शाखा देख रहे थे। इससे पहले वे तखतपुर और रतनपुर, तारबाहर थाने की कमान संभाल चुके हैं। फिलहाल हत्या के मामले की जांच टीआई विवेक पांडेय कर रहे थे। शनिवार को उन्होंने युवक का पीएम कराया। साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी कर न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की है।