चार माह से मानदेय न मिलने पर शहरी स्वास्थ्य मितानिन प्रशिक्षको ने की कलेक्टर से शिकायत
पूरे छत्तीसगढ़ में 520 मितानिन प्रशिक्षकों का रुका वेतन
बिलासपुर।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत शहरी स्वास्थ्य मितानिनो ने चार माह से मानदेय भुगतान न होने पर नाराज़गी जताते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण वे आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं। ज्ञापन में बताया गया कि शहरी स्वास्थ्य मितानिन प्रशिक्षक और क्षेत्र समन्वयक को पिछले चार माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है और पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाना मुश्किल हो गया है।मितानिनों ने कहा कि समय पर भुगतान न होने से मानसिक तनाव बढ़ रहा है और कामकाज पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल बकाया भुगतान करने की मांग की है।कलेक्टर को सौंपे गए इस ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि यदि मानदेय का भुगतान शीघ्र नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगी। उनका कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।