Blog

थाने में सोते रह गए पुलिसकर्मी,पॉक्सो एक्ट का आरोपी हथकड़ी खोल थाने से हुआ फरार

पॉक्सो एक्ट और नाबालिग से दुष्कर्म तथा अपहरण के आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद अगले दिन उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी थी। पर उससे पहले ही आरोपी पुलिसकर्मियों के नींद का फायदा उठा हथकड़ी सरका थाने से फरार हो गया।

बिलासपुर। शहर के कोनी थाना से पुलिस की लापरवाही का बड़ा मामला उजागर हुआ है। पॉक्सो एक्ट के आरोप में गिरफ्तार युवक स्वरित सिंह पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय आरोपी भागा, उस वक्त थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गहरी नींद में सो रहे थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

कोनी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग की शिकायत पर सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गार्डन सिटी निवासी स्वरित सिंह (20) के खिलाफ शिकायत की थी। रिपोर्ट के अनुसार नाबालिग पीड़िता को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस ने उस पर अपहरण,दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। गुरुवार की दोपहर हुई एफआईआर के बाद चंद घंटों में ही शाम को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

रातभर थाने में हिरासत, मगर निगरानी ढीली:–

पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर रातभर हिरासत में रखा। उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक रविशंकर जगत और आरक्षक प्रदीप पाव को दी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार देर रात ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों को नींद आ गई। इसी बीच तड़के करीब चार बजे आरोपी ने मौका देखा और हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया।

सुबह मची अफरा-तफरी:–

सुबह जब ड्यूटी स्टाफ ने आरोपी के भागने की जानकारी अधिकारियों को दी, तब जाकर पूरे महकमे में अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी राहुल तिवारी ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया, लेकिन आरोपी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

अभिरक्षा से फरारी का केस दर्ज:–

पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ अभिरक्षा से फरार होने का नया मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, उसकी तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं। उधर, थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्यवाही करने की जानकारी नहीं लगी है।

सवालों के घेरे में पुलिस:–

यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस आरोपी को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था, वह इतनी आसानी से कैसे फरार हो गया और क्या थाने की सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित है इसकी चर्चा लोगों में हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *