जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का 79वां वर्षगांठ

शैलेश सोनी/
गौरेला पेंड्रा मरवाही- पंडित माधवराव सप्रे जिला प्रेस क्लब एवं वाचनालय में स्वतंत्रता दिवस का 79वां वर्षगांठ बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य अतिथि पेंड्रा नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पंडित माधवराव सप्रे की प्रतिमा पर माल्यार्पण, भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन किया।

अपने उद्बोधन में अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा— “देशभक्त सिर्फ वह नहीं जो सीमाओं पर बंदूक लेकर तैनात है, बल्कि देश का किसान भी देशभक्त है जो खेतों में हल जोतकर अन्न उत्पादन करता है। आजाद भारत में हर वह व्यक्ति महत्वपूर्ण है जो अपने गांव, गली, समाज, प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने में योगदान देता है। आज के दौर में भ्रष्टाचार सबसे बड़ी चुनौती है। यदि यह शासकीय तंत्र और जनप्रतिनिधियों के स्तर से समाप्त हो जाए, तो वही सही मायनों में आज की आजादी होगी।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में सरदार इकबाल सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, ने भी आजादी के महत्व और सामाजिक एकता पर विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकार गणेश जायसवाल ने कहा कि आजाद भारत अब “आजादी का अमृत महोत्सव” मना रहा है और विकासशील भारत, विकसित भारत की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर वाचनालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और आजाद भारत पर अपने वक्तव्य रखे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अखिलेश नामदेव, पंडित रामनिवास तिवारी, दुर्गेश सिंह बिसेन, रामेश्वर तिवारी मुकेश विश्वकर्मा रतन केसरवानी, जितेंद्र सोनी, संदीप अग्रवाल (गोलू), उज्जवल तिवारी, सुनील सिंह परिहार, सुबीर चौधरी, प्रवेश शर्मा, आयुष्मान शर्मा, अभिषेक गुप्ता सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शैलेश सोनी और आभार प्रदर्शन जिला प्रेस क्लब के सचिव शरद अग्रवाल ने किया।