Blog

कुकर ब्लास्ट में मिड-डे-मिल की रसोइया महिला झुलसी, जिला अस्पताल में भर्ती

स्कूल में मध्याह्न भोजन तैयार करने के दौरान कुकर ब्लास्ट हो गया। जिसके चलते महिला रसोइया झुलस गई। उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

धमतरी। जिले के ग्राम मडेली के शासकीय प्राथमिक शाला भाठापारा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन बनाने के दौरान कुकर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में रसोई का काम करने वाली महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। झुलसी महिला को पहले उप स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। डाक्टरों के मुताबिक महिला 15 प्रतिशत झुलसी है। उसका उपचार किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के मडेली गांव में रहने वाली 55 वर्षीय केशरी यादव शासकीय प्राथमिक शाला भाटापारा में मिड-डे-मिल योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार कर रही थीं। गुरुवार दोपहर वे दाल पका रही थीं और साथ ही बगल में सब्जी भी पक रही थी। इसी दौरान जब उन्होंने कुकर को नीचे उतारने की कोशिश की, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और कुकर फट गया। धमाके के साथ निकले भाप और गर्म पानी सीधे महिला के चेहरे और सीने पर आ गए। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के समय स्कूल में मौजूद शिक्षक और अन्य लोग तत्काल रसोई कक्ष की ओर दौड़े। वहां झुलसी महिला को तड़पता देखकर सभी घबरा गए। शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में झुलसी महिला का उपचार किया जा रहा है।

वही हादसे के बाद गांव वालों में भी दहशत फैल गई। कुकर ब्लास्ट से घायल महिला के परिजनों ने मुआवजे की मांग की है। इसके अलावा यह भी मांग की है कि मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा शिक्षा विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *