लोफंदी कांड में नया खुलासा, एफएसएल रिपोर्ट ने खोला राज
जहरीली शराब से 4 मौत की पुष्टि, मृत कोचिए की पत्नी पर हत्या का केस
बिलासपुर।लोफंदी में जहरीली शराब से हुई मौत का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। पहले प्रशासन ने मौत को फूड पाइजनिंग बताकर मामले को दबाने की कोशिश की थी, लेकिन अब एफएसएल रिपोर्ट ने पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा दिया है। रिपोर्ट में साफ हुआ है कि 4 ग्रामीणों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई थी। पुलिस ने जांच के बाद मृत कोचिए की पत्नी पांचो बाई लहरे पर गैर इरादतन हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया है… हालांकि पुलिस अधिकारी अभी भी इसकी पुष्टि करने से बच रहे हैं……
दरअसल पूरी घटना 8 फरवरी 2025 की है।जब लोफंदी गांव में अचानक 8 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया था। परिजनों का आरोप था कि कच्ची शराब पीने से उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान एक-एक कर सभी ने दम तोड़ दिया। उस समय प्रशासन ने पूरे मामले को फूड पाइजनिंग बताकर शांत कराने की कोशिश की थी… यहां तक कि विज्ञप्ति जारी कर मौत का कारण खाना बताया गया।लेकिन अब बिसरा रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, चार ग्रामीणों की मौत जहरीली शराब से हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने मृत कोचिए की पत्नी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम पर पुलिस चुप्पी साधे हुए है और केस को सेंसिटिव लिस्ट में डालकर गोपनीयता बरती जा रही है।