Blog

मुख्यमंत्री के गृह जिले के सरकारी अस्पतालों में कही डॉक्टर थे नदारद तो कही अस्पताल थे बंद, आठ चिकित्सकों को नोटिस जारी

बिलासपुर ।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले में अस्पतालों के औचक निरीक्षण में कही डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित थे तो कही अस्पतालों में ताला लटका था। स्वास्थ्य सुविधाओं में लापरवाही बरती जा रही थी। ऐसे आठ लापरवाह चिकित्सकों को नोटिस जारी कर कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का इस कदर हाल है कि किसी अस्पताल में डॉक्टर ड्यूटी से नदारत है तो कहीं अस्पतालों में ही ताला लटक रहा है। आकस्मिक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए और लापरवाही बरतने वाले ऐसे आठ चिकित्सकों को नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ और जनोन्मुखी बनाने हेतु व्यापक अभियान के अंतर्गत लगातार स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और अव्यवस्था पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में राजस्व विभाग के अधिकारियों और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी एस जात्रा द्वारा रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केसरई, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तमता,  प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मैनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना का अकस्मात निरीक्षण किया गया। उन्होंने इन स्वास्थ्य केंद्रों में जनसुविधा हेतु सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, दवाइयों का स्टॉक, स्वच्छता व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति, प्रसव कक्ष और लैब की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया और उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को सेवा भाव के साथ कार्य करने को कहा। इसके साथ अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्यवाही के निर्देश दिए। 

   इसके तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केसरई के निरीक्षण के दौरान अपने  कार्यक्षेत्र में अनुपस्थित होने की वजह से चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी पैंकरा को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार के बीएमओ डॉ. विनय भगत को स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तमता के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण किण्डो को कार्यक्षेत्र में अनुपस्थित रहने की वजह से कारण बताओ नोटिस और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मैनी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. छाया लकड़ा और डॉ. अदिति मोना टोप्पो को स्वास्थ्य केंद्र बंद पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना के होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्यामवती भगत, चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतीश आनंद सोनवानी और डॉ. कृष्णा गुप्ता को अपने कार्यक्षेत्र में अनुपस्थित रहने की वजह से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *