ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगारों से रकम वसूल थमा दिया फर्जी नियुक्ति पत्र,बुजुर्ग ठग गिरफ्तार

बेरोजगार युवाओं को सीधे ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर के पद पर सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करते हुए आरोपी ने 14 लाख रुपए वसूल लिए। बेरोजगारों को विश्वास दिलाने के लिए बीईओ का फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया गया। पुलिस ने एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में कार्यवाही करते हुए आरोपी बुजुर्ग ठग को गिरफ्तार कर लिया है।
बलौदाबाजर । सरकारी नौकरी पाने का सपना युवाओं के लिए कितना बड़ा लालच होता है, इसका फायदा उठाते हुए एक 65 वर्षीय ठग ने बेरोजगारों से लाखों रुपए हड़प लिए। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताकर ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बेरोजगार युवकों से कुल 14 लाख रुपए वसूल लिए। मामला उजागर होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
ऐसे हुआ खुलासा:–
ग्राम सुढेला निवासी ईश्वर प्रसाद साहू ने थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी किशोर कुमार शर्मा ने नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे अलग-अलग समय पर 10 लाख रुपए लिए। रकम देने के बाद आरोपी ने उन्हें केंद्र शासन, भारत शिक्षा विभाग, नई दिल्ली का फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया ताकि वे भरोसा कर लें।
यही नहीं, आरोपी ने ईश्वर प्रसाद साहू के अन्य रिश्तेदारों को भी इसी तरह जाल में फंसाया और उनसे 4 लाख रुपए ठग लिए। इस प्रकार आरोपी ने कुल 14 लाख रुपए की ठगी की।
अपराध दर्ज,आरोपी गिरफ्तार:–
आवेदन के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 729/2024 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को ठगी के पुख्ता सबूत मिले और आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बेरोजगार युवकों को नौकरी का झांसा देकर रकम लेने की बात कबूल कर ली।
न्यायालय में पेश करने की तैयारी:–
पुलिस ने आरोपी को बुधवार, 3 सितंबर 2025 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।
गिरफ्तार आरोपी:–
किशोर कुमार शर्मा उम्र 65 वर्ष ,स्थायी पता ग्राम सिवनी (नैला), जिला जांजगीर-चांपा
हाल मुकाम वैष्णवी विहार, उसलापुर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर
पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। नियुक्ति केवल निर्धारित चयन प्रक्रिया और वैधानिक नियमों के तहत ही होती है। इस तरह के मामलों में यदि कोई संदेह हो तो तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें।