चलती ट्रेन में एएसआई और जवानों को ही चोरों ने बना दिया शिकार
सर्विस रिवॉल्वर, मैगजीन,कारतूस चोरी, लापरवाही पर तीनों निलंबित
बिलासपुर।हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस के जनरल कोच में आईटीबीपी के एएसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षक यात्रा कर रहे थे। उनकी आंखे लगने पर चोरों ने उनकी सर्विस रिवाल्वर, 4 मैगजीन 24 जिंदा कारतूस मोबाइल फोन और दस हजार रुपए पर हाथ फेर फरार हो गए। तीनों को लापरवाही बार रखने पर निलंबित कर दिया गया है। वही इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ खड़े हुए हैं।
दरअसल रेलवे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को ही चोरों ने अपना शिकार बना दिया। जवानों का बैग चोरी हो गया। इस बैग में सर्विस रिवाल्वर, चार मैग्जीन, 24 जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और दस हजार रुपये नकद जैसे संवेदनशील सामान रखे थे। घटना के बाद से जीआरपी और आरपीएफ में हड़कंप मच गया है। वही लापरवाही बरतने पर आईटीबीपी के एएसआई,प्रधान आरक्षक और आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक आईटीबीपी के एएसआई वायपी. ओझा, हेड कांस्टेबल (टेलीकॉम) जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल बुद्ध देव मलिक हटिया से दुर्ग की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात ट्रेन जब चांपा स्टेशन पहुंची, तब जवानों की नींद लग गई। सुबह करीब 5:50 बजे भाटापारा स्टेशन पर उनकी नींद खुली तो बैग गायब मिला।
जवानों ने तत्काल घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और चांपा से भाटापारा तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। बिलासपुर स्टेशन पर भी रिकॉर्डिंग खंगाली गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
खाली बैग फेंका झाड़ियों में…
तलाशी के दौरान स्टेशन चौक से तितली चौक के बीच झाड़ियों में शिकायतकर्ता के दस्तावेज और कपड़े बरामद किए गए। इससे यह साफ हुआ कि चोरी के बाद बैग से गैरजरूरी सामान वहीं फेंक दिया गया। हालांकि सर्विस हथियार, कारतूस और नकदी का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
निलंबन की कार्रवाई:–
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यालय ने इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए एएसआई वायपी. ओझा, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल बुद्ध देव मलिक—तीनों को निलंबित कर दिया है।
सुरक्षा पर उठे सवाल:–
ट्रेन के भीतर सुरक्षा बल के हथियार और गोला-बारूद की चोरी रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक मानी जा रही है। यह घटना न केवल रेलवे पुलिस के लिए चुनौती है, बल्कि आईटीबीपी की सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षाबलों की टीमें चोरी गए हथियार और कैश की तलाश में जुटी हुई हैं।